भोपाल में 'चड्डी-बनियान गैंग' ने फिर मचाया उत्पात, शरीर पर ग्रीस या तेल लगाकर ऐसे करते हैं लूट, 5 Point में समझें पूरा मसला
भोपाल के IPS स्कूल में देर रात हुई लाखों रुपये की चोरी ने 'चड्डी-बनियान गैंग' की वापसी की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं. CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है, जबकि लोगों को सुरक्षा बढ़ाने की सलाह दी गई है.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर 'चड्डी-बनियान गैंग' की दस्तक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. शहर के मिसरोद इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में देर रात हुई लाखों रुपये की चोरी ने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बदमाश न सिर्फ स्कूल परिसर में आसानी से पहुंचे हैं. बल्कि करीब एक घंटे तक अलग-अलग कमरों के ताले तोड़ते रहे और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.
इस घटना ने पुराने समय में दहशत फैलाने वाले 'चड्डी-बनियान गैंग' की याद फिर ताजा कर दी है. यह गिरोह अपने अलग अंदाज और सुनियोजित तरीके से चोरी करने के लिए कुख्यात माना जाता है. हाल के दिनों में भोपाल के अलावा कटनी समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी इस तरह की वारदातों की खबरें सामने आई हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर यह गैंग कैसे काम करता है और इससे बचाव के लिए लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए.
1. IPS स्कूल में देर रात घुसे बदमाश, लाखों रुपये लेकर फरार
जानकारी के मुताबिक, मिसरोद स्थित IPS स्कूल में 19 और 20 जुलाई की दरम्यानी रात चार बदमाश पीछे की दीवार फांदकर परिसर में घुस गए. उन्होंने प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, अकाउंट सेक्शन और अन्य कार्यालयों के ताले तोड़े. जांच में पता चला कि फीस के रूप में रखे गए 3 लाख 92 हजार 280 रुपये गायब हैं. सुबह स्कूल खुलने पर स्टाफ ने टूटे हुए ताले देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
2. CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
स्कूल परिसर में लगे कैमरों में चार संदिग्ध देर रात घूमते हुए दिखाई दिए. फुटेज में वे एक-एक कर कई कमरों के ताले तोड़ते नजर आते हैं. पुलिस का मानना है कि बदमाश पहले से पूरी तैयारी और रेकी करके आए थे. वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है.
3. कटनी में भी दिखा इसी गैंग का अंदाज
भोपाल की घटना से पहले कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में भी हथियारबंद बदमाशों के एक समूह ने एक सराफा दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की थी. बताया गया कि करीब एक दर्जन लोग शटर तोड़कर अंदर घुसने वाले थे, लेकिन स्थानीय लोगों के जाग जाने और शोर मचाने पर वे मौके से भाग निकले. पुलिस इस घटना की भी जांच कर रही है.
4. क्या है 'चड्डी-बनियान गैंग'?
'चड्डी-बनियान गैंग' भारत के कई राज्यों में सक्रिय रहा एक कुख्यात चोरी और डकैती करने वाला गिरोह माना जाता है. इसकी पहचान इसके अलग काम करने के तरीके से होती है. वारदात के दौरान केवल चड्डी और बनियान पहनकर निकलते हैं. शरीर पर तेल या ग्रीस लगा लेते हैं ताकि पकड़ में न आएं.
- चेहरा पर कपड़े या मास्क से ढंक लेते हैं.
- 5 से 15 लोगों के समूह में वारदात करते हैं.
- लोहे की रॉड, लाठी, गुलेल और धारदार हथियार साथ रखते हैं.
- दिन में कबाड़ी, मजदूर या फेरीवाले बनकर इलाके की रेकी करते हैं.
- आधी रात से भोर के बीच सुनसान मकानों, स्कूलों, दुकानों और गोदामों को निशाना बनाते हैं.
5. लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- पुलिस और सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में कुछ सावधानियां काफी मददगार साबित हो सकती हैं.
- घर और संस्थानों में मजबूत डिजिटल लॉक लगाएं.
- CCTV कैमरों के साथ अलार्म सिस्टम का भी इस्तेमाल करें.
- रात में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.
- नकदी को कार्यालय या दुकानों में रातभर न रखें.
- सुरक्षा गार्डों की नियमित निगरानी और गश्त सुनिश्चित करें.




