क्या होता है इंग्लिश चैनल, जिसको 14 घंटे में हरियाणा की काम्या भारद्वाज ने किया पार... अब तक कितने भारतीयों ने किया ये कारनामा?
गुरुग्राम की काम्या भारद्वाज ने 14 घंटे में इंग्लिश चैनल पार करके अपने नाम एक खास उपलब्धि जोड़ ली है. काम्या अब इंग्लिश चैनल पार करने वाली हरियाणा की पहली महिला बन गई हैं.
Kamya Bhardwaj English Channel swimming
गुरुग्राम की 20 वर्षीय तैराक काम्या भारद्वाज ने अपनी मेहनत और हौसले से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने 22 सितंबर को खुले समुद्र में तैरते हुए 14 घंटे 19 मिनट में इंग्लिश चैनल पार किया. इस उपलब्धि के साथ वह हरियाणा की पहली महिला तैराक बन गई हैं, जिन्होंने इंग्लिश चैनल को तैरकर पार किया है. दयाल सिंह कॉलेज की छात्रा काम्या ने इंग्लैंड के डोवर स्थित शेक्सपियर बीच से सुबह 5:35 बजे अपनी तैराकी शुरू की और शाम 7:54 बजे फ्रांस के कैप ग्रिस नेज़ पहुंचकर इसे पूरा किया.
करीब 14 घंटे तक चली इस चुनौती के दौरान काम्या को बेहद ठंडे पानी, तेज समुद्री धाराओं और जेलीफिश जैसी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. खास तौर पर फ्रांस के तट के करीब पहुंचने के बाद उनके लिए आखिरी चरण काफी कठिन रहा. काम्या ने बताया कि आखिरी चार घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन उन्होंने अपनी रफ्तार बनाए रखी और आखिरकार फ्रांस के तट तक पहुंचने में कामयाब रहीं.
इंग्लिश चैनल को पार कर क्या बोली काम्या?
काम्या ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि इंग्लिश चैनल की क्रॉसिंग के अंतिम कुछ घंटे उनके लिए सबसे मुश्किल थे. फ्रांस के नजदीक पहुंचते ही उन्हें बड़ी संख्या में जेलीफिश का सामना करना पड़ा. शुरुआत में वह उनसे बचकर तैरने की कोशिश करती रहीं, लेकिन समय बचाने के लिए बाद में उन्होंने अपनी गति बढ़ाने का फैसला किया.
उन्होंने कहा "तैराकी के आखिरी चार घंटे बेहद नाजुक थे. मैं फ्रांस के पास जेलीफिश वाले इलाके में पहुंच गई. पहले तो मैं सावधानी से तैर रही थी और जितना हो सके जेलीफिश से बच रही थी लेकिन जब आखिरी समय में मुझे बताया गया कि अगर मैंने अपनी गति नहीं बढ़ाई तो तैराकी पूरी करने में पांच घंटे और लगेंगे, तो मैंने इसकी परवाह करना छोड़ दिया और बस तैरती चली गई."
कौन हैं काम्या भारद्वाज?
गुरुग्राम के अशोक विहार में रहने वाली काम्या ने चौथी कक्षा से तैराकी शुरू की थी. शुरुआत में उन्होंने अपनी लंबाई बढ़ाने के मकसद से इस खेल को चुना था. हालांकि, चोट लगने के बाद उन्हें कुछ समय के लिए तैराकी से दूर रहना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने दोबारा वापसी की और लंबी दूरी की तैराकी पर अपना ध्यान केंद्रित किया. फिलहाल काम्या पलवल के एक स्विमिंग पूल में हर 15 दिन में अभ्यास करती हैं. खास बात यह है कि उनकी ट्रेनिंग में एक बार में करीब 12 घंटे तक लगातार तैरना भी शामिल है. इंग्लिश चैनल के बेहद ठंडे पानी के लिए खुद को तैयार करने के लिए उन्होंने बर्फ से भरी बड़ी बाल्टी में बैठने का अभ्यास भी किया.
क्या है इंग्लिश चैनल?
इंग्लिश चैनल अटलांटिक महासागर का एक हिस्सा है, जो दक्षिणी इंग्लैंड और उत्तरी फ्रांस को अलग करता है. यह एक प्राकृतिक समुद्री जलमार्ग है, जो पूर्वी हिस्से में डोवर जलडमरूमध्य के जरिए उत्तरी सागर से जुड़ता है. इंग्लिश चैनल की लंबाई करीब 560 किलोमीटर है. इसकी चौड़ाई जगह के हिसाब से अलग-अलग होती है. सबसे चौड़े हिस्से में यह करीब 240 किलोमीटर तक फैला है, जबकि डोवर जलडमरूमध्य के पास इसकी चौड़ाई घटकर लगभग 34 किलोमीटर रह जाती है. समुद्र का ठंडा पानी, तेज धाराएं और बदलता मौसम इसे लंबी दूरी के तैराकों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बनाते हैं.
किन भारतीयों ने पहले किया था पार?
इंग्लिश चैनल को पार करने वाले भारतीय तैराकों की सूची में मिहिर सेन और आरती साहा का नाम खास तौर पर दर्ज है. मिहिर सेन ने 1958 में इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया था और ऐसा करने वाले पहले भारतीय और एशियाई पुरुष बने थे. इसके एक साल बाद 1959 में आरती साहा ने इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रचा. वह इसे तैरकर पार करने वाली पहली भारतीय और एशियाई महिला बनी थीं.




