4 शराबियों ने मुझे छेड़ने की कोशिश की, Gurugram Hit and Run केस में महिला बाइकर ने शिकायत में क्या-क्या कहा, FIR में कौन-कौन सी धाराएं?
गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड हादसे में बाइक राइडर सिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें उन्होंने बताया कि चार लोगों ने उन्हें छेड़ने की कोशिश की, जिन्होंने शराब पी हुई थी.
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. हादसे के एक दिन बाद बाइक राइडर और इंस्टाग्राम क्रिएटर सिया ने गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. सिया ने आरोप लगाया है कि उन्हें परेशान किया गया, कार से उनकी बाइक को टक्कर मारी गई और इसके बाद बाइक करीब 300 मीटर तक घसीटती चली गई. आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया.
पुलिस को दी गई शिकायत में सिया ने बताया कि यह घटना 13 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे हुई. उस समय वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से Biker Barn Cafe जा रही थीं. उनके दोस्त अलग-अलग बाइक पर उनके साथ चल रहे थे. सिया ने अपनी शिकायत में कहा, “13 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे मैं अपनी बाइक से Biker Barn Cafe जा रही थी. मेरे दोस्त भी मेरे साथ थे और वे दूसरी बाइक पर थे.” मंगलावर सुबह आरोपी कल्याण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
लड़कों के परेशान करने पर क्या कहा?
सिया के मुताबिक, जब वह गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचीं तो उन्हें सफेद रंग की Maruti Suzuki Ciaz कार दिखाई दी. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर HR30L4949 बताया गया है. सिया ने आरोप लगाया कि कार में चार लड़के मौजूद थे और वे नशे की हालत में लग रहे थे. उनके मुताबिक, कार में बैठे लोग बार-बार उन्हें परेशान करने और उनकी बाइक रोकने की कोशिश कर रहे थे.
शिकायत में सिया ने कहा, “जब मैं गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंची, तो कार में चार लड़के नशे की हालत में थे. वे मुझे परेशान करने और मेरी बाइक रोकने की कोशिश कर रहे थे. जब मैं उन्हें पार करके आगे निकली, तो उन्होंने अचानक मेरी बाइक का रास्ता काट दिया और मेरी बाइक को टक्कर मार दी.”
टक्कर के बाद करीब 300 मीटर तक घसीटने का आरोप
सिया ने शिकायत में आरोप लगाया कि कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी बाइक करीब 300 मीटर तक घसीटती चली गई. इसके बाद कार में सवार लोग वहां से फरार हो गए. सिया के भाई ने बताया कि हादसे में वह गंभीर चोट से बच गईं, लेकिन अब उन्हें शरीर में काफी दर्द हो रहा है. उनके मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद शरीर में मौजूद एड्रेनालिन की वजह से दर्द का ज्यादा एहसास नहीं हुआ, लेकिन बाद में उनकी तकलीफ बढ़ गई. उन्होंने कहा कि सिया को मांसपेशियों में काफी खिंचाव, पूरे शरीर में दर्द और कई जगह खरोंच आई हैं. दर्द के लिए उन्हें पेनकिलर भी लेना पड़ रहा है.
सिया के भाई ने क्या कहा?
सिया के भाई ने बताया कि परिवार ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में अधिकारियों से मुलाकात की है और FIR दर्ज हो चुकी है. उन्होंने कहा कि परिवार ने सिया की ओर से लिखित बयान पुलिस को सौंपा है और उसमें उन धाराओं को शामिल करने की मांग की गई है, जिन्हें परिवार इस मामले में लागू मानता है. सिया के भाई के मुताबिक, शिकायत में तीन मुख्य आरोपों का जिक्र किया गया है- हैरासमेंट, हत्या की कोशिश और हिट एंड रन. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस सिया का मौखिक बयान भी दर्ज करने वाली है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए. सिया की ओर से शेयर किए गए वीडियो में सफेद Maruti Suzuki Ciaz उनकी बाइक से टकराती दिखाई देती है. वीडियो के मुताबिक, कार बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश करती नजर आती है.
टक्कर के बाद सिया बाइक से गिर जाती हैं और सड़क पर फिसलती हुई आगे जाती दिखाई देती हैं. बाद में सिया ने अपनी Aprilia RS 457 पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुआ हादसे का वीडियो भी शेयर किया. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला.
आरोपी ड्राइवर कल्याण बैंसला ने क्या कहा?
मामले को लेकर ड्राइवर कल्याण बैंसला ने टक्कर होने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्होंने इस आरोप से इनकार किया कि उन्होंने जानबूझकर सिया की बाइक को टक्कर मारी थी. बैंसला का दावा है कि U-turn के पास उन्होंने कार पर नियंत्रण खो दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद बाइक सवारों के एक समूह से उन्हें बदले की कार्रवाई का डर था, इसलिए वह वहां से चले गए.
कौनसी धाराएं लगीं?
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया था. इसके बाद ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया गया. धारा 281 लापरवाही से वाहन चलाने से जुड़ी है, जबकि धारा 125 चोट पहुंचाने से संबंधित है. इसके साथ ही मंगलवार को कल्याण के खिलाफ जान से मारने की कोशिश की धारा भी जोड़ी गई है. परिवार शुरुआत से ही इस धारा को जोड़ने की मांग कर रहा था.
“हमें जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी चाहिए”
सिया के भाई ने कहा कि परिवार आरोपी पक्ष के वकील की उस दलील को स्वीकार नहीं करता, जिसमें कथित तौर पर कहा जा रहा है कि सिया ने यह सब सिर्फ फॉलोअर्स बढ़ाने और लोगों का ध्यान खींचने के लिए किया.
उन्होंने कहा कि परिवार की सिर्फ यही मांग थी कि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द गिरफ्तारी वारंट जारी हो और उसे गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने बताया कि सिया को बाइक चलाते हुए करीब 7-8 महीने ही हुए हैं. उनके मुताबिक, यह पूरा मामला “ईगो” से जुड़ा हुआ लगता है. सिया के भाई ने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति सड़क पर बाइक चला रही महिला को देखता है, तो आज के समय में इसमें इतनी बड़ी बात क्यों हो जाती है?
सिया के पिता ने क्या कहा?
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड हादसे को लेकर पीड़िता सिया के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि पुलिस को आरोपी पर सबसे कड़ी धाराएं लगानी चाहिए, खासकर हत्या की कोशिश और हिट एंड रन की धाराएं, ताकि ऐसे लोगों को सबक मिले और वे दोबारा सड़क पर ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करें. सिया के पिता ने बताया कि उनकी बेटी अभी ठीक महसूस नहीं कर रही है और आराम कर रही है. उन्होंने कहा कि वीडियो में आरोपियों का जो रवैया दिखाई दे रहा है, उससे उन्हें लगता है कि वे आम लोग नहीं, बल्कि अपराधी मानसिकता वाले लोग हैं.
उन्होंने कहा कि आम तौर पर किसी हादसे में कोई व्यक्ति शामिल हो जाए तो इंसानियत के नाते वह रुककर घायल की मदद करता है. लेकिन उनके मुताबिक, इन लोगों ने रुकने के बजाय यू-टर्न लिया और तेजी से वहां से फरार हो गए.
सिया के पिता ने बताया कि उन्होंने पुलिस से बात की है. पुलिस अपनी जांच टीम यानी Investigating Officer (IO) को भेजकर सिया का बयान दर्ज करेगी. अगर कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की जरूरत पड़ती है, तो परिवार इसके लिए भी तैयार है.




