Begin typing your search...
भगवान ऐसी मां किसी को न दे! फरीदाबाद में महिला ने मासूम पर पेपर कटर से किया हमला, आखिर क्यों उठाया यह खौफनाक कदम?
फरीदाबाद में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक मां पर अपने ही दो साल के बेटे की गर्दन पर पेपर कटर से हमला करने का आरोप है. बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ और काफी खून बहने के बावजूद समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई.
( Image Source:
Google Gemini )
फरीदाबाद से सामने आई एक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया. यहां एक महिला पर अपने ही दो साल के बेटे की गर्दन पर पेपर कटर से हमला करने का आरोप लगा है. घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है.
हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर से काफी खून बह गया. हालांकि, समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण बच्चे की जान बच गई.
पुलिस ने क्या-क्या बताया?
- पुलिस के मुताबिक, मामला नवीन नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है. बच्चे के पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
- कृष्ण कुमार एक निजी कंपनी में काम करते हैं. वह परिवार के साथ शिव एन्क्लेव पार्ट-3 में रहते हैं.
- कृष्ण कुमार की शादी कमलेश से करीब पांच साल पहले हुई थी. दोनों के तीन बच्चे हैं.
- शिकायत में पिता ने आरोप लगाया कि कमलेश अक्सर गुस्से में बच्चों के साथ मारपीट करती थीं. बुधवार दोपहर भी कथित तौर पर उनका दो साल के बेटे के साथ विवाद हुआ.जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कमलेश ने घर में रखा पेपर कटर उठा लिया और बच्चे की गर्दन पर हमला कर दिया.
- हमले के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी हालत देखकर परिवार के लोग उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे.
- पुलिस का कहना है कि बच्चे का काफी खून बह चुका था, लेकिन समय पर इलाज मिलने की वजह से उसकी जान बचाई जा सकी.
- घटना की सूचना मिलने के बाद नवीन नगर पुलिस चौकी और पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पिता की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ BNS की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू कर दी गई.
- जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कमलेश घर पर बच्चों की देखभाल करती थीं, जबकि उनके पति और सास काम के लिए बाहर जाते थे.
- एक जांच अधिकारी के मुताबिक, बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर वह कथित तौर पर तनाव में रहती थीं. इसी मानसिक तनाव और गुस्से की स्थिति में उन्होंने पेपर कटर से बच्चे पर हमला किया.
- इसके बाद नवीन नगर पुलिस चौकी की टीम ने महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
यह घटना सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि परिवार के भीतर बढ़ते तनाव और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर सवाल भी सामने लाती है. दो साल का बच्चा यह समझ भी नहीं सकता कि उसके साथ क्या हो रहा है, और ऐसे में उस पर हुआ हमला परिवार और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्चे की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।




