Begin typing your search...

16 वर्षीय लड़की, गैंगरेप के बाद हत्या करने वाले भी नाबालिग, 2 दिन तक सड़ता रहा शव... कैसे खुला दिल्ली के स्वरूप नगर की घटना का राज?

दिल्ली को एकबार फिर से गैंगरेप की घटना ने शर्मसार कर दिया है. 4 लड़कों ने मिलकर एक 16 वर्षीय लड़की का गैंगरेप किया और फिर उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

swaroop nagar minor girl murdered
X

swaroop nagar minor girl murdered

( Image Source:  ChatGPT )

दिल्ली के स्वरूप नगर में 16 वर्षीय लड़की की हत्या और उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात में चार लड़के शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक 19 वर्षीय युवक और तीन नाबालिग हैं. 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दो चाकू और आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए हैं.

जांचकर्ताओं के अनुसार, लड़की 17 वर्षीय एक आरोपी से मिलने गई थी, जिसे वह अपना दोस्त मानती थी. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान वारदात हुई और बाद में शव को स्वरूप नगर के कुशक रोड के पास एक खेत में फेंक दिया गया. स्थानीय लोगों की सूचना के बाद रविवार सुबह पुलिस ने शव बरामद किया. मामले में हत्या, दुष्कर्म और सबूत मिटाने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

कहां मिला लड़की का शव?

पुलिस को रविवार सुबह कुशक रोड के पास खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी. अधिकारियों के अनुसार, शव काफी खराब स्थिति में था. स्थानीय लोगों ने वहां कुत्तों और अन्य जानवरों को देखा था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद जांच टीमों ने किशोरी की पहचान स्थापित करने और उसके परिवार तक पहुंचने के लिए जांच शुरू की. परिवार के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की.

कैसे खुला घटना का राज?

मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तरी क्षेत्र) लोकेश्वरन आर और एसीपी रविंदर अहलावत के नेतृत्व में टीम बनाई गई. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान पुलिस को वारदात के संभावित समय के आसपास खेत के पास एक टेम्पो की आवाजाही दिखाई दी. फुटेज में वाहन का नंबर साफ नहीं था. इसके बाद स्थानीय स्तर पर पूछताछ की गई और पुलिस टेम्पो तक पहुंचने में कामयाब रही.

टेम्पो की जांच से आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?

पुलिस ने टेम्पो के ड्राइवर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. जांच में पता चला कि उसका 17 वर्षीय छोटा भाई अक्सर उस वाहन का इस्तेमाल करता था. एक जांचकर्ता ने बताया "फुटेज से टेम्पो के अंदर चार लड़कों की मौजूदगी का भी पता चला. लड़कों की पहचान जल्द ही हो गई, लेकिन वे अपने घरों से भाग गए थे."

कैसे पकड़े गए आरोपी?

पुलिस उपायुक्त (उत्तरी क्षेत्र) शोभित सक्सेना के मुताबिक, कई CCTV कैमरों की फुटेज का जांच कर टेम्पो की आवाजाही को ट्रैक किया गया. इसके बाद मंगलवार-बुधवार की रात तलाशी अभियान चलाया गया. सक्सेना ने कहा "मिली जानकारियों के आधार पर मंगलवार-बुधवार की रात को तलाशी अभियान चलाया गया. टेम्पो को स्वरूप नगर स्थित खड्डा कॉलोनी में खोजा गया. उसके चालक की पहचान कर उससे पूछताछ की गई. आगे की जांच में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया."

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय शिवम गणेश और 17-16 साल की उम्र के तीन नाबालिगों के रूप में हुई है. मामले में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चाकू और आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं.

अगला लेख