Begin typing your search...

सर्वे के दौरान प्रवेश वर्मा ने जिसे मारा थप्पड़, उसकी खुली पुरानी ‘कुंडली’, MCD कर्मचारी से मारपीट का केस, हो चुका अरेस्ट, जानें डिटेल

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क सर्वे के दौरान प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड के बाद साहिब सिंह की पुरानी केस हिस्ट्री सामने आई है. जानें MCD कर्मचारी से मारपीट के मामले में क्या हुआ था.

सर्वे के दौरान प्रवेश वर्मा ने जिसे मारा थप्पड़, उसकी खुली पुरानी ‘कुंडली’, MCD कर्मचारी से मारपीट का केस, हो चुका अरेस्ट, जानें डिटेल
X

दिल्ली के तिलक नगर में रविवार को सड़क के सर्वे के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक जर्नैल सिंह के सहयोगी साहिब सिंह को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद से ही जबरदस्त विवाद जारी है. वीडियो में प्रवेश वर्मा साहिब सिंह का मोबाइल नीचे करते और उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं. इस घटना के बाद साहिब सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है.

अब साहिब सिंह को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक साहिब पहले एक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. साहिब सिंह के खिलाफ पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक सफाई कर्मचारी से मारपीट के मामले में केस दर्ज हुआ था. यह मामला 2 जून को तिलक नगर थाने में दर्ज किया गया था.

किसने की थी साहिब सिंह के खिलाफ शिकायत?

शिकायत MCD के सफाई कर्मचारी धन बहादुर ने दी थी. शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने उन्हें कचरा उठाने वाली गाड़ी से बाहर खींच लिया था और उनके साथ मारपीट की थी. FIR के अनुसार, धन बहादुर वार्ड नंबर 103 में कचरा उठाने वाली गाड़ी में हेल्पर के तौर पर काम कर रहे थे. सुबह करीब 11 बजे गाड़ी कृष्णापुरी पहुंची थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि एक घर की दूसरी मंजिल से एक लड़की कचरा फेंक रही थी. उस समय नीचे से एक मोटरसाइकिल गुजर रही थी, इसलिए उन्होंने लड़की से थोड़ी देर रुकने को कहा.

इसके बाद कचरा उठाने वाली गाड़ी आगे चली गई. धन बहादुर के मुताबिक, उसी घर से एक युवक और कुछ अन्य लोग गाड़ी के पीछे आए और उसे रुकवा लिया. आरोप है कि उन्होंने उन्हें गाड़ी से बाहर खींच लिया और मारपीट की. इसके बाद उन्हें दो-तीन गलियां दूर ले जाया गया, जहां वह बेहोश हो गए.

शिकायत के मुताबिक, बाद में धन बहादुर को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया. अपने शुरुआती बयान में उन्होंने एक व्यक्ति का नाम करण बताया था और कहा था कि बाकी आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकते हैं.

क्या मारपीट का है कोई सबूत?

पुलिस ने बाद में CCTV फुटेज हासिल की. जांचकर्ताओं के मुताबिक, फुटेज में साहिब सिंह भी मारपीट में शामिल दिखाई दिए. इसके बाद जांच के दौरान उनका नाम मामले में जोड़ा गया. धन बहादुर के मेडिकल रिकॉर्ड में मारपीट से जुड़ी चोटों का उल्लेख किया गया था. बाद में उन्हें RML अस्पताल रेफर किया गया. पुलिस ने इस मामले में FIR नंबर 215/2026 दर्ज की थी. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) लगाई गई थीं. हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों पर अभी अदालत का फैसला नहीं हुआ है. साहिब सिंह फिलहाल इस मामले में जमानत पर बाहर हैं.

सड़क निरीक्षण के दौरान कैसे हुआ विवाद?

दरअसल, बीती रोज प्रवेश वर्मा सड़क का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान स्थानीय AAP विधायक जर्नैल सिंह भी वहां पहुंचे. सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई. साहिब सिंह, जो जर्नैल सिंह के साथ काम करते हैं, पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहे थे. सामने आए वीडियो में प्रवेश वर्मा साहिब सिंह के मोबाइल को नीचे करते और फिर उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं. इसके बाद एक सुरक्षा गार्ड दोनों के बीच आ जाता है.

साहिब सिंह का कहना है कि वह जर्नैल सिंह के सोशल मीडिया पेज के लिए घटनाक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे. उनके मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति दिखाने के बाद विवाद बढ़ा और मंत्री ने रिकॉर्डिंग रोकने के लिए उन्हें थप्पड़ मारा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया और धमकी दी. इस मामले में साहिब सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है.

साहिब सिंह ने क्या आरोप लगाए?

साहिब सिंह ने दावा किया कि सड़क की असलियत सामने आने के बाद मंत्री नाराज हो गए. उनके मुताबिक, जर्नैल सिंह ने सड़क का एक हिस्सा हाथ से निकालकर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाया था. साहिब सिंह का आरोप है कि वह उस समय वीडियो बना रहे थे. इसके बाद प्रवेश वर्मा ने उनका फोन नीचे किया, उनका हाथ मरोड़ा और उन्हें थप्पड़ मारा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मंत्री के साथ आए लोगों ने उन्हें धक्का दिया और धमकी दी. साहिब सिंह ने कहा कि उनकी शिकायत की एक कॉपी पुलिस ने स्वीकार की है, लेकिन उनकी मांग है कि मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उचित कार्रवाई की जाए.

साहिब सिंह के वकील ने क्या कहा?

साहिब सिंह के वकील मनकन दीप सिंह बम्मी ने आरोप लगाया कि उनके मुवक्किल ने सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे. वकील के मुताबिक, तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में आउटर रिंग रोड के एक हिस्से के निर्माण को लेकर साहिब सिंह सवाल उठा रहे थे. उनका दावा है कि सड़क का एक हिस्सा हाथ से ही टूट गया था. वकील ने आरोप लगाया कि इसके बाद प्रवेश वर्मा सीधे साहिब सिंह के पास गए, जो अपने मोबाइल से लाइव वीडियो बना रहे थे, और उन्हें थप्पड़ मारा.

वकील का यह भी आरोप है कि मौके पर मौजूद करीब 14-15 लोगों ने साहिब सिंह को धक्का दिया और लात मारी. उन्होंने कहा कि जब साहिब सिंह ने मंत्री से बात करने की कोशिश की तो उन्हें पकड़कर रोक दिया गया.

पुलिस पर क्या लगाया आरोप?

वकील ने बताया कि उन्होंने विकासपुरी पुलिस थाने की PCR को फोन किया था. उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज करने के बजाय उन्हें थाने में करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा. इसके बाद SHO ने करीब डेढ़ पेज की शिकायत दर्ज की. ये सभी आरोप साहिब सिंह और उनके वकील की ओर से लगाए गए हैं.

प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?

प्रवेश वर्मा ने घटना को लेकर अपना पक्ष भी रखा है. उनका कहना है कि AAP विधायक के साथ मौजूद एक व्यक्ति ने उनके परिवार के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे थे और उन्होंने गुस्से में प्रतिक्रिया दी. एक वीडियो संदेश में वर्मा ने कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो पूरे घटनाक्रम का पूरा संदर्भ नहीं दिखाता.

वर्मा ने सड़क निर्माण को लेकर भी कहा कि वह उस सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक विकास कार्यों से नाराज थे और उनके समर्थक मौके पर सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे.

रविवार की घटना के बाद पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिलने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े घटनाक्रम और शिकायतों की जांच की जा रही है.

अगला लेख