Begin typing your search...

घर में 15 खतरनाक कुत्ते, गोल्ड लोन कंपनियों में 5 अलग-अलग लॉकर; कैसे पहचान बदलकर 20 साल तक मेड चुराती रही सोना?

दिल्ली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है जो लगभग 20 साल से अलग-अलग रखकर घरों में मेड बनकर पहले काम करती थी, फिर मौका मिलते ही सोना चुराकर गायब हो जाती थी. महिला ने घर में 15 खतरनाक कुत्ते भी पाल रखे थे.

Maid Theft Case
X

Maid Theft Case

( Image Source:  ChatGPT )

राजधानी दिल्ली में चोरी के एक सनसनीखेज मामले ने पुलिस और लोगों दोनों को चौंका दिया है. घरेलू सहायिका बनकर अमीर घरों में काम करने वाली एक महिला पर करोड़ों रुपये के जेवरात चोरी करने का आरोप लगा है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला बेहद शातिर तरीके से पहले घरों की रेकी करती थी और फिर मौका मिलते ही करोड़ों के गहने लेकर फरार हो जाती थी.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला कई सालों से अलग-अलग नाम और पहचान का इस्तेमाल कर रही थी. अप्रैल 2025 में उसने शालीमार बाग और मौर्य एन्क्लेव इलाके में दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया, जहां से करीब 2.60 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी किए गए. पुलिस ने अब महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से भारी मात्रा में सोना भी बरामद किया गया है.

कैसे करती थी करोड़ों की चोरी?

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को सोनिया के नाम से जाना जाता था, हालांकि यह उसका असली नाम नहीं था. 46 वर्षीय महिला करीब 20 साल पहले अपने पति के साथ चेन्नई से दिल्ली आई थी. शुरुआत में उसने घरेलू कामकाज शुरू किया, लेकिन बाद में आर्थिक तंगी के चलते उसने चोरी का रास्ता अपना लिया. पुलिस का कहना है कि वह कुछ दिनों तक घरों में मेड बनकर काम करती थी और परिवार की दिनचर्या, जेवर रखने की जगह और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी जुटाने के बाद वारदात को अंजाम देती थी.

कैसे लेती थी करोड़ों का लोन?

जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी चोरी के गहने बाजार में बेचती नहीं थी. पकड़े जाने से बचने के लिए उसने कई बड़ी गोल्ड लोन कंपनियों में करीब 15 अलग-अलग लॉकर ले रखे थे. पुलिस के मुताबिक, महिला चोरी के सोने को इन लॉकरों में जमा कराकर उसके बदले करोड़ों रुपये का लोन लेती थी. अब तक पुलिस उसके लॉकरों से 2 किलोग्राम से ज्यादा सोना बरामद कर चुकी है.

कैसे जुटाती थी जानकारी?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पॉश कॉलोनियों के सिक्योरिटी गार्ड्स से दोस्ती करती थी. उनसे उसे उन घरों की जानकारी मिलती थी जहां अस्थायी घरेलू सहायिका की जरूरत होती थी. इसी जानकारी के आधार पर वह घरों में एंट्री लेती और कुछ ही दिनों में पूरे घर की गतिविधियों को समझ लेती थी.

पिछले महीने चुराए थे करोड़ों के गहने

पिछले महीने आरोपी ने शालीमार बाग के एक कारोबारी के घर मेड के तौर पर काम शुरू किया था. कुछ दिनों तक घर की रेकी करने के बाद उसने पूजा के दौरान मौका पाकर करीब 1.5 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी कर लिए और फरार हो गई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कई तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

क्यों हैरान रह गई पुलिस?

पुलिस जब रोहिणी स्थित आरोपी के तीन मंजिला मकान पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई. महिला ने अपने घर की सुरक्षा के लिए 15 खतरनाक कुत्ते पाल रखे थे, जिनमें पिटबुल और अमेरिकन बुली जैसी नस्लें शामिल थीं. जैसे ही पुलिस घर के अंदर पहुंची, कुत्तों ने टीम पर हमला कर दिया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात को काबू में किया और महिला को गिरफ्तार कर लिया.

कितने रखे नाम?

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना नाम मलिका बताया, जबकि बरामद आधार कार्ड में उसका नाम सोना दर्ज मिला. इसके अलावा उसने अनीता नाम भी रखा था. पुलिस का कहना है कि वह अलग-अलग जगहों पर अलग पहचान का इस्तेमाल करती थी ताकि उसकी असली पहचान सामने न आ सके.

कैसे खरीदे करोड़ों के मकान?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के पैसों से करोड़ों रुपये के मकान और फ्लैट खरीद लिए हैं. अब इन संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके अलावा उन गोल्ड लोन कंपनियों के ब्रांच मैनेजरों को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजे गए हैं, जिन्होंने बिना पूरी वेरिफिकेशन के महिला को भारी लोन जारी किए. पुलिस का कहना है कि लापरवाही बरतने वाली कंपनियों को भी इस मामले में आरोपी बनाया जा सकता है.

अगला लेख