पहले झुकी, फिर अचानकर गिरी, CCTV में कैद हुई घटना... कैसे दिल्ली के लवली पब्लिक स्कूल में हो गई 9 साल की बच्ची की मौत?
माया विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में एक 9 साल की बच्ची की अचानक मौत हो गई. ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Lovely Public School
दिल्ली के माया विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में एक दुखद घटना सामने आई है. यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. बच्ची क्लास में अचानक जमीन पर गिर पड़ी. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. इस घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया.
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें बच्ची क्लास के अंदर अचानक धीरे-धीरे झुकती और फिर जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है. स्कूल प्रिंसिपल के मुताबिक, बच्ची को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मौत की सही वजह और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
कब हुई ये घटना?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को घटना की सूचना मिली. बताया गया कि माया विहार के लवली पब्लिक स्कूल की तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया है. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बच्ची की अचानक मौत की खबर से स्कूल मैनेजमेंट और अन्य छात्र सकते में आ गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्ची खेलकर अपनी क्लास में लौट रही थी, तभी यह घटना हुई.
CCTV फुटेज में क्या दिखा?
पुलिस ने मामले की शुरुआती जांच के दौरान क्लास में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी. इसमें छात्रा अचानक झुकती हुई और फिर जमीन पर गिरती दिखाई दे रही है. सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो सामने आया है. पुलिस अब फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची के साथ आखिर क्या हुआ था.
प्रिंसिपल ने क्या बताया?
स्कूल की प्रिंसिपल ने घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा "यह बड़ी ही दुखद घटना है. बच्चे का अचानक ही कार्डियक अरेस्ट आया था. बच्चा क्लास में अपने आप ही गिर पड़ा. हम लोग तुरंत ही बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी है. बच्ची खेलकर क्लास में आ रही थी."
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। बच्ची के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे. इसके साथ ही CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है. जांच के बाद ही बच्ची की मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.




