दिल्ली-NCR में बारिश हो और Gurugram का जिक्र न हो, ऐसा कैसे, 5 वीडियो में देखिए मिलेनियम सिटी का हाल
दिल्ली-एनसीआर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद गुरुग्राम एक बार फिर जलभराव की समस्या से जूझता नजर आया. कादीपुर, पटौदी रोड, सेक्टर-10, इफको चौक और पटेल नगर समेत कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ.
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर गुरुग्राम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. कुछ घंटों की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाके पानी में डूब गए. कादीपुर, पटौदी रोड, सेक्टर-10, पटेल नगर और इफको चौक समेत कई स्थानों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं. हालात ऐसे बने कि गुरुग्राम पुलिस को निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने की अपील करनी पड़ी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पांच वीडियो शहर की जमीनी हकीकत बयां कर रहे हैं.
5 वीडियो में देखिए गुरुग्राम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिला. वायरल वीडियो में कादीपुर और पटौदी रोड पर सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी नजर आ रही हैं. कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा.
दूसरे वीडियो में सेक्टर-10 और उसके एंट्री मार्ग पर जलभराव के कारण लंबा ट्रैफिक जाम दिखाई दे रहा है. बारिश के चलते वाहन रेंगते नजर आए और ऑफिस जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा.
इफको चौक, जो गुरुग्राम का सबसे व्यस्त चौराहा माना जाता है, वहां भी भारी जलभराव दर्ज किया गया. सड़क पर जमा पानी के कारण ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
पटेल नगर और अन्य निचले इलाकों में भी बारिश का पानी भर गया. स्थानीय लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
गुरुग्राम पुलिस ने जारी की WFH एडवाइजरी
बारिश और जलभराव को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से अपील की कि जहां संभव हो, कर्मचारियों को आज वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाए. पुलिस का कहना है कि इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रूप से आवाजाही करने में मदद मिलेगी.
दिल्ली-NCR में IMD का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट लागू है. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.
बारिश ने फिर उठाए सवाल
हर मानसून में गुरुग्राम की यही तस्वीर सामने आती है. थोड़ी देर की तेज बारिश के बाद प्रमुख सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है. इस बार भी हालात कुछ अलग नहीं दिखे. वायरल वीडियो एक बार फिर शहर की ड्रेनेज व्यवस्था और बारिश से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं.




