दिल्ली-NCR की हवा 'जहरीली', कैसे प्रदूषण कर सकता है आपको बीमार, डॉक्टर ने बताया कैसे करें अपना बचाव
दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में जहरीली हवा लोगों की सेहत के लिए खतरा बनती जा रही है. डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनका कहना है कि खराब हवा से स्वस्थ लोग भी बीमार पड़ सकते हैं.
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानि AQI 350 के पार पहुंच गया है. खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी समेत कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है.
जिला अस्पताल की पूर्व सीएमएस डॉ. रेनू अग्रवाल ने प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों को लेकर कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ता है. हालांकि, स्वस्थ व्यक्ति भी प्रदूषण की चपेट में आकर परेशान हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
प्रदूषण का धुआं फेफड़ों को कैसे नुकसान पहुंचाता है?
डॉ. रेनू अग्रवाल के मुताबिक, प्रदूषण में मौजूद धुएं के छोटे-छोटे कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर वहां जमा हो सकते हैं. उन्होंने इसे समझाते हुए कहा, जिस तरह किचन में खाना बनाते समय धुएं से आसपास की दीवारें काली हो जाती हैं, उसी तरह प्रदूषण का धुआं फेफड़ों में जाकर जमा होता है. ये कण दिखाई नहीं देते, लेकिन आने वाले पांच से दस साल में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ने का कारण बन सकते हैं.
क्यों मास्क लगाना है जरुरी?
डॉक्टर ने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को काम के सिलसिले में बाहर जाना जरूरी है, वे मास्क लगाकर ही निकलें. मास्क उपलब्ध नहीं होने पर रुमाल या कपड़े से मुंह ढक सकते हैं. उन्होंने कहा कि केवल घूमने-फिरने के लिए बाहर निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि प्रदूषण का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है.
बच्चे और बुजुर्ग रहे सावधान
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण के दौरान ज्यादा सतर्क रहना चाहिए. उन्हें जितना संभव हो घर के अंदर ही रहना चाहिए। वहीं, गर्भवती महिलाओं को भी खराब हवा के संपर्क में आने से बचना चाहिए. बाहर निकलना जरूरी हो तो मास्क का इस्तेमाल करें.
पानी पीना है जरुरी
प्रदूषण के दौरान खानपान को लेकर भी डॉक्टर ने सावधानी बरतने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और तरल पदार्थों का सेवन करें. बाहर के खाने से बचें और घर का साफ-सुथरा भोजन करें. उनके मुताबिक, बाहर का दूषित खाना खाने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां और बढ़ सकती हैं.
क्या है डॉक्टर रेनू अग्रवाल की सलाह?
डॉ. रेनू अग्रवाल ने प्रदूषण से बचाव के लिए पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि लोगों को अपने आसपास अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए. इसका फायदा तुरंत नहीं मिलेगा, लेकिन आने वाले वर्षों में जब पौधे बड़े होंगे तो पर्यावरण को बेहतर बनाने और हवा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी.




