सावधान! Delhi-NCR में आज से Heatwave शुरू, झुलसा देने वाली गर्मी को लेकर क्या है IMD का अलर्ट?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर तेज करवट ली है. हाल ही में हुई बारिश से मिली थोड़ी राहत अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं.
Delhi-NCR Weather
Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर तेज करवट ली है. हाल ही में हुई बारिश से मिली थोड़ी राहत अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ दिन के समय तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं.
मंगलवार, 21 अप्रैल को पहली बार इस सीजन में लू चलने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक हो सकती है.
क्या बारिश के बाद बढ़ी गर्मी?
19 अप्रैल को Delhi NCR सहित हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी. इस दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया था. हालांकि, यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 20 अप्रैल से ही एक बार फिर तेज गर्मी का असर पूरे क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा.
क्या है IMD का अलर्ट?
IMD के अनुसार, 21 से 23 अप्रैल के बीच हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव यानी लू चल सकती है. इसका असर Delhi NCR के आसपास के इलाकों में भी महसूस किया जाएगा. मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर दोपहर के समय सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है.
क्या तापमान में और बढ़ोतरी होगी?
उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने का अनुमान है. इसका सीधा असर दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ेगा, जहां पहले से ही गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
किन-किन राज्यों में लू का अलर्ट?
IMD के अनुसार, 20 से 25 अप्रैल के बीच कई राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर लू चलने की संभावना है. इनमें हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र, झारखंड, बिहार, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश शामिल हैं.
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि कुछ इलाकों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है. 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में रातें ज्यादा गर्म रह सकती हैं. इसके अलावा 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है.




