रायपुर में Sunny Leone की Entry पर बवाल! बजरंग दल ने किया विरोध, न मानने पर दी ये वार्निंग
रायपुर में 22 फरवरी को होने वाली Sunny Leone DJ Night को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बजरंग दल ने कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
रायपुर में 22 फरवरी को होने वाली Sunny Leone DJ Night को लेकर माहौल गरमा गया है. छत्तीसगढ़ की राजधानी इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक बहस और विरोध का केंद्र बनी हुई है. एक तरफ कार्यक्रम के पोस्टर और प्रमोशनल वीडियो वायरल हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ विरोध के सुर तेज होते जा रहे हैं.
बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन की प्रस्तावित डीजे नाइट को लेकर बजरंग दल ने खुला मोर्चा खोल दिया है. संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कार्यक्रम रद्द करने की मांग कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में चेतावनी और आंदोलन की बात कही जा रही है, जिससे प्रशासन भी सतर्क हो गया है.
क्या है Sunny Leone DJ Night को लेकर पूरा विवाद?
बताया जा रहा है कि 22 फरवरी को रायपुर के रामा वर्ल्ड में एक नाइट डीजे पार्टी आयोजित की जा रही है, जिसमें सनी लियोन के शामिल होने की घोषणा की गई है. जैसे ही इसका प्रमोशनल वीडियो सामने आया, शहर में विरोध की लहर दौड़ पड़ी. कार्यक्रम के समर्थन और विरोध में सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है. एक वर्ग इसे मनोरंजन का हिस्सा बता रहा है, तो दूसरा इसे सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ करार दे रहा है.
बजरंग दल ने क्यों जताया कड़ा विरोध?
बजरंग दल के नेताओं का कहना है, “ये रायपुर भगवान श्री कृष्ण का ननिहाल है और यहां पर हम ये अश्लील कंटेट फैलाने वालो को इंट्री नहीं दे सकते हैं.” संगठन का आरोप है कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचती है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. बजरंग दल के नेता विजेंद्र वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा है, “यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करेगा और किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.” इस बयान के बाद से माहौल और भी संवेदनशील हो गया है.
प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं?
विरोध को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही है. संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी.
क्या रद्द होगा कार्यक्रम या होगा जोरदार आयोजन?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बढ़ते दबाव के बीच आयोजक क्या फैसला लेते हैं. क्या कार्यक्रम रद्द किया जाएगा या कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ इसे आयोजित किया जाएगा? फिलहाल रायपुर की सियासी और सामाजिक हलचल इस डीजे नाइट के इर्द-गिर्द घूम रही है. आने वाले दिनों में प्रशासन और आयोजकों का रुख इस पूरे विवाद की दिशा तय करेगा.





