नींबू, चावल, मांस का टुकड़ा... बच्ची के कब्र के पास ये कैसा मायाजाल? गांव में तंत्र-मंत्र की आशंका; पुलिस ने शुरू की खुदाई
छत्तीसगढ़ के बालोद के माहुद-बी गांव में 3 साल की बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ की आशंका. दफन स्थल पर नींबू, दीये और अगरबत्ती मिलने से तंत्र-मंत्र की चर्चा तेज.
Grave Tampering Case
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. गुंडरदेही थाना क्षेत्र की हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र के साथ कथित छेड़छाड़ की आशंका ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है. जहां बच्ची को दफन किया गया था उसके पास से संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र की आशंका गहरा गई है.
परिजनों का दर्द शब्दों में बयां नहीं हो पा रहा. जिन हाथों से बच्ची को आखिरी विदाई दी गई थी, वही हाथ अब उसकी कब्र की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और प्रशासन से आगे की कार्रवाई के लिए अनुमति मांगी गई है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम माहुद-बी निवासी प्रिया साहू (3 वर्ष) का निधन 9 अक्टूबर 2025 को हो गया था. परिवार ने नम आंखों से उसे गांव के मुक्तिधाम मार्ग के पास दफनाया था. रविवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने देखा कि दफन स्थल की मिट्टी उखड़ी हुई है और जगह अस्त-व्यस्त नजर आ रही है. यह दृश्य देखते ही गांव में सनसनी फैल गई.
कब्र के पास क्या मिला?
जांच के दौरान कब्र के आसपास कटा हुआ नींबू, मिट्टी के जले हुए दीये और अगरबत्तियां बिखरी मिलीं. इन वस्तुओं को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति या तांत्रिक ने रात के अंधेरे में कब्र के साथ छेड़छाड़ की है या शव को निकालने की कोशिश की है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि समाज में डर और अंधविश्वास को बढ़ावा देती है.
क्या कहती है पुलिस?
मृत बच्ची के पिता ने हल्दी चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी है. चौकी प्रभारी ने बताया कि 'मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम से कब्र खोदने की अनुमति मांगी गई है. अनुमति मिलते ही शव को बाहर निकालकर जांच की जाएगी कि उसके साथ कोई छेड़छाड़ हुई है या नहीं.' पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय गांव में कोई बाहरी व्यक्ति तो नहीं आया था.
क्या गांव में दहशत का माहौल है?
इस घटना के बाद माहुद-बी और आसपास के इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है. बड़ी संख्या में ग्रामीण दफन स्थल के पास इकट्ठा होते रहे. लोग गुस्से और भय दोनों में हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मासूम की कब्र से छेड़छाड़ की आशंका ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. सभी प्रशासन से जल्द सच्चाई सामने लाने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं.





