शूटिंग में जीता गोल्ड, अभी खेल मंत्री; कौन हैं Shreyasi Singh, जिनका नाम Bihar CM पद के लिए चर्चा में आया
Shreyasi Singh का नाम बिहार के नए CM की दौड़ में तेजी से उभरकर सामने आया है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बीजेपी-एनडीए में नए चेहरे पर मंथन जारी है. युवा, साफ छवि और महिला नेतृत्व के कारण श्रेयसी सिंह को मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
श्रेयसी सिंह
Shreyasi Singh: कौन होगा बिहार का नया सीएम? इस सवाल का जवाब हर कोई जानना चाहता है. यूं तो मुख्यमंत्री बनने की रेस में कई नेता शामिल हैं, लेकिन किसके सिर सेहरा सजेगा, यह 14 अप्रैल को होने वाली बीजेपी और एनडीए की बैठक के बाद ही पता चल पाएगा. जिन नेताओं को सीएम पद का दावेदार माना जा रहा है, उनमें श्रेयसी सिंह का भी नाम शामिल हैं, जो सूबे की सियासत में एक उभरता हुआ चेहरा हैं. उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर अभियान चल रहे हैं. हाल ही में (11 अप्रैल) पटना में उन्होंने कहा था- बिहार का अगला मुख्यमंत्री कोई राजनीतिक कार्यकर्ता ही होगा. इस दौरान उनकी तरफ से 'नारी शक्ति' के नेतृत्व की वकालत भी की गई.
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद बिहार में नए सीएम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. भाजपा ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, ताकि एनडीए (NDA) के नए नेता का चयन किया जा सके. मुख्यमंत्री पद की दौड़ में श्रेयसी सिंह के साथ सम्राट चौधरी, संजीव चौरसिया और धर्मशीला गुप्ता जैसे नाम भी शामिल हैं.
कौन हैं श्रेयसी सिंह?
श्रेयसी सिंह एक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज (शूटर) रही हैं. उन्होंने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में 'डबल ट्रैप' शूटिंग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीता था. इसके अलावा, वे अर्जुन पुरस्कार विजेता और पूर्व ओलंपियन (पेरिस 2024) भी हैं. श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की बेटी हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक और मानव रचना यूनिवर्सिटी से MBA किया है.
CM पद के लिए चर्चा में क्यों आई श्रेयसी सिंह?
हाल ही में बिहार की राजनीति में उनके नाम की चर्चा CM) पद के दावेदार के रूप में होने लगी है. इसके पीछे की वजह हैं;
- साफ छवि और युवा नेतृत्व: उनकी छवि एक शिक्षित, अनुशासित और 'क्लीन' राजनेता की है, जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं.
- भाजपा का 'प्लान': कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा बिहार में एक नया और ऊर्जावान चेहरा पेश करना चाहती है. सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में उन्हें नीतीश कुमार के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है.
- महिला सशक्तिकरण: एक महिला और सफल एथलीट होने के नाते, उनका नाम बिहार की पहली निर्वाचित महिला मुख्यमंत्री की दौड़ में भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
श्रेयसी सिंह का कैसा रहा राजनीतिक सफर?
श्रेयसी सिंह ने साल 2020 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामा. उन्होंने 2020 और फिर 2025 के विधानसभा चुनावों में जमुई सीट से भारी मतों से जीत दर्ज की. 20 नवंबर 2025 को श्रेयसी ने नीतीश सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली और उन्हें खेल मंत्रालय का प्रभार दिया गया.
श्रेयसी सिंह का शूटिंग करियर कैसा रहा?
- 2018 राष्ट्रमंडल खेलों (Gold Coast, Australia) में स्वर्ण पदक
- 2014 राष्ट्रमंडल खेलों (Glasgow) में रजत पदक
- 2014 एशियाई खेलों (Incheon) में टीम स्पर्धा में कांस्य पदक
- 61वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप (2017) में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक
- बिहार की पहली खिलाड़ी, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लिया
खेल मंत्री के रूप में श्रेयसी सिंह ने कौन-कौन से काम किए?
खेल मंत्री के रूप में उन्होंने बिहार में खेलों के विकास के लिए कई घोषणाएं की हैं;
- राजगीर और पाटलिपुत्र खेल परिसर में आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का निर्माण (लागत ₹15 करोड़)।
- राजगीर में विशेष महिला फुटबॉल अकादमी की स्थापना की योजना
- राजगीर में IPL मैचों के आयोजन को लेकर बीसीसीआई (BCCI) से बातचीत की पहल




