पति की लंबी उम्र की पूजा... और तभी बरगद में लग गई आग! वट सावित्री पूजा का Video Viral
वट सावित्री व्रत के मौके पर पटना के फतुहा में बरगद के पेड़ में अचानक आग लगने से पूजा कर रहीं महिलाओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग आग बुझाने की बजाय वीडियो बनाने वालों पर सवाल उठा रहे हैं.
वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर पटना के फतुहा प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दुखद घटना घटी. पूजा के दौरान महिलाओं द्वारा जलाए गए घी के दीयों की लपटें पेड़ पर बंधे सूखे धागों (कच्चे सूत) में लग गई, जिससे बरगद का विशाल पेड़ धू-धू कर जलने लगा. इस घटना से पूजा में शामिल महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और वे पूजा सामग्री छोड़कर भागने लगी. वीडियो में देखा जा सकता है कि पेड़ के निचले हिस्से में आग की लपटें तेजी से फैल रही हैं और धुआं उठ रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में कई लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि आग बुझाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा था, बल्कि लोग सिर्फ तमाशा देख रहे थे या वीडियो बना रहे थे.
कैसे हुई घटना?
वट सावित्री व्रत में सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए बरगद (वट) वृक्ष की पूजा करती हैं. परंपरा के अनुसार पेड़ की परिक्रमा कर कच्चा सूत लपेटा जाता है और दीये-धूप आदि जलाए जाते हैं. फतुहा की इस घटना में दीयों की लौ सूखे धागों के संपर्क में आने से आग भड़क गई. कच्चे सूत के कारण आग तेजी से फैली।स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ प्राचीन और बड़ा था, जो इस क्षेत्र में पूजा का प्रमुख केंद्र था. हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि आग मुख्य रूप से लपेटे गए धागों, चूनरी और पूजा सामग्री में लगी थी, जबकि पेड़ की नमी के कारण मुख्य तने को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा होगा.
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
कई यूजर्स ने लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि 'धर्म के नाम पर पेड़ को जलाने वाली घटना बेहद दुखद है.' कुछ ने आग बुझाने में लोगों की उदासीनता पर सवाल उठाया। वहीं, कुछ कमेंट्स में यह भी कहा गया कि हरा-भरा बरगद का पेड़ आसानी से नहीं जलता, सिर्फ सजावट का सामान जल रहा था. एक ने कहा, 'हद से ज्यादा बेवकूफी... लोग कुछ भी कर रहे हैं... क्योंकि उन्हें पूजा करने का तरीका नहीं पता... कम से कम मीडिया में तो पुजारी आकर पूरी प्रक्रिया बताते हैं.' दूसरे ने कहा, 'वहां हज़ारों लोग मौजूद हैं. अगर हर कोई सिर्फ़ एक गिलास पानी डाल दे, तो आग बुझ जाएगी. लेकिन सभी लोग मोबाइल में वीडियो/फ़ोटो खींचने में व्यस्त हैं.' एक अन्य ने कहा, 'ये बिहारी लोग कितने मूर्ख हैं, एक पुराने पेड़ को जलते हुए देख रहे हैं जबकि एक मिनट पहले ही वे आशीर्वाद के लिए उसकी पूजा कर रहे थे.'




