Bihar: Nalanda के शीतला माता मंदिर में कैसे मची भगदड़? 8 लोगों की मौत, दर्जन भर से ज्यादा घायल
Bihar: Nalanda के शीतला माता मंदिर में भगदड़ मची है, जिसमें 8 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 12 लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा. जांच के आदेश दिए गए हैं, लेकिन सवाल उठ रहा है कि आखिर ये भगदड़ कैसे मची?
Nalanda Stampede: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. दरअसल, यहां शीतला माता मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई. चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार के मौके पर दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान ये घटना पेश आई है.
इस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. मरने वालों की तादाद में और इज़ाफा भी हो सकता है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है.
शीतला माता मंदिर में कैसे मची भगदड़?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर परिसर में भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस-प्रशासनिक इंतजाम नहीं थे. जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, श्रद्धालुओं में जल्द दर्शन करने की होड़ मच गई. इसी दौरान कुछ लोग कतार तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई और हालात बेकाबू हो गए.
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते और चढ़ते चले गए, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. पुलिस ने दर्जन भर से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया.
कितने लोग घायल हुए हैं?
करीब आधा दर्जन से अधिक घायल लोगों का इलाज जारी है. इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. चैत्र महीने में शीतला मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र होता है, ऐसे में पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था जरूरी हो जाता है.
उप मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
इस बीच उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर शोक व्यक्त करते हुए इस भगदड़ की घटना को “बेहद दर्दनाक” बताया. उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद और राहत दे रही है, साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था भी की गई है.
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “नालंदा के माता शीतला मंदिर में हुई यह दुखद भगदड़ बेहद हृदयविदारक है. इस हादसे में जिन श्रद्धालुओं की जान गई और जो घायल हुए हैं, उनके परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”
नालंदा में क्यों हैं द्रौपदी मुर्मू?
इस बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नालंदा में ही मौजूद हैं. वह नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए यहां पहुंची हैं. उनकी सिक्योरिटी में भी फोर्स तैनात की गई थी.




