Begin typing your search...

महज ढाई दिन में हेडिंग्ले टेस्ट जीता इंग्लैंड, पाकिस्तान को पारी और 103 रनों से मिली करारी हार; कौन बना प्लेयर ऑफ द मैच?

लीड्स के हेडिंग्ले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। जो रूट की कप्तानी में लौटे इंग्लैंड ने गेंद और बल्ले दोनों से पाकिस्तान को पूरी तरह दबाव में रखा। पाकिस्तान पहली पारी में 171 और दूसरी पारी में सिर्फ 135 रन पर ऑलआउट हो गया।

England vs Pakistan Headingley Test Highlights
X
( Image Source:  England Cricket )

England vs Pakistan Headingley Test Highlights: इंग्लैंड ने नए दौर की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की है. पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले, लीड्स में खेले गए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने मेहमान टीम को पारी और 103 रन से करारी शिकस्त दी. यह मुकाबला महज ढाई दिन में खत्म हो गया. बेन स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने और ब्रेंडन मैकुलम के मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद यह इंग्लैंड का पहला टेस्ट था. ऐसे में वापसी करने वाले कप्तान जो रूट के नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन पर सबकी नजर थी. इंग्लैंड ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार खेल दिखाते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.

यह हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की सबसे बड़ी पारी की जीत भी है. इससे पहले 2018 में इंग्लैंड ने इसी मैदान पर पाकिस्तान को पारी और 55 रन से हराया था.

पहले ही दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों का कहर

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके तेज गेंदबाजों ने इस फैसले को बिल्कुल सही साबित कर दिया. पाकिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 171 रन पर सिमट गई. ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को टिकने का मौका ही नहीं दिया. दोनों गेंदबाजों ने मिलकर पाकिस्तान के सभी 10 विकेट चटकाए. रॉबिन्सन और टंग दोनों ने पांच-पांच विकेट हासिल किए.

पाकिस्तान की तरफ से अब्दुल्लाह शफीक ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए और कुछ देर तक पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बाकी बल्लेबाज इंग्लैंड की अनुशासित तेज गेंदबाजी के सामने संघर्ष करते नजर आए. पहली पारी में पाकिस्तान को जल्दी समेटने के बाद इंग्लैंड ने दिन का अंत भी मजबूत स्थिति में किया और 112/2 का स्कोर बना लिया.

ब्रुक, कॉक्स और रूट ने इंग्लैंड को आगे पहुंचाया

दूसरे दिन बारिश के कारण खेल कई बार रुका, लेकिन इसका असर इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर नहीं पड़ा। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पाकिस्तान पर दबाव और बढ़ा दिया. हैरी ब्रुक ने 93 गेंदों पर 91 रन की शानदार पारी खेली और वह शतक से सिर्फ 9 रन दूर रह गए. उनके अलावा जॉर्डन कॉक्स ने 73 रन बनाए. कप्तानी में लौटे जो रूट ने 66 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि डैन लॉरेंस ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए.

पाकिस्तान के लिए बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान ने कुछ राहत जरूर दी. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया और 95 रन देकर 5 विकेट लिए. हालांकि इंग्लैंड के बल्लेबाजों को रोकने के लिए यह प्रदर्शन काफी नहीं था. इंग्लैंड ने आखिरकार अपनी पहली पारी में 409 रन बनाए. इस तरह उसे पाकिस्तान पर पहली पारी के आधार पर 238 रन की विशाल बढ़त मिल गई.

दूसरी पारी में भी पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर फेल

238 रन से पीछे चल रहे पाकिस्तान के सामने मैच बचाने की बड़ी चुनौती थी, लेकिन दूसरी पारी में भी उसकी बल्लेबाजी की कहानी नहीं बदली.इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एक बार फिर पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को परेशान किया। पाकिस्तान लंच तक 59/3 के स्कोर पर पहुंच चुका था. इसके बाद मोहम्मद रिजवान ने कुछ देर तक संघर्ष किया. उन्होंने पाकिस्तान की दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन वह टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर नहीं निकाल सके. इसके बाद विकेट लगातार गिरते गए और पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 135 रन पर ऑलआउट हो गई.

आर्चर और रॉबिन्सन ने किया काम तमाम

इंग्लैंड की तरफ से जॉफ्रा आर्चर ने 50 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि ओली रॉबिन्सन ने 29 रन देकर 3 विकेट लिए. रॉबिन्सन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान की दूसरी पारी को 37.3 ओवर में ही खत्म कर दिया. इस तरह इंग्लैंड ने चाय से पहले ही मैच अपने नाम कर लिया और पाकिस्तान को पारी और 103 रन से शिकस्त दी.

पाकिस्तान का 135 रन का स्कोर इंग्लैंड में साल 2000 के बाद उसके सबसे कम स्कोर में शामिल हो गया है. इस दौरान पाकिस्तान इससे कम स्कोर पर 2010 में 72, 74 और 80 रन तथा 2006 में 119 रन पर ऑलआउट हुआ था.

इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने बनाया खास रिकॉर्ड

इस टेस्ट में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान के सभी 20 विकेट हासिल किए. यह टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ दूसरी बार है जब इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एक टेस्ट मैच में पाकिस्तान के सभी 20 विकेट लिए हैं. इससे पहले ऐसा कारनामा 2001 में लॉर्ड्स के मैदान पर हुआ था. कुल मिलाकर हेडिंग्ले टेस्ट में इंग्लैंड ने नए कप्तान जो रूट के नेतृत्व में शानदार शुरुआत की. पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही टेस्ट में मिली इस बड़ी जीत ने इंग्लैंड को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे कर दिया है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख