Bihar के CM पद से इस्तीफा देकर 'आखिरी इच्छा' पूरा करने दिल्ली जा रहे Nitish Kumar, क्या बनेंगे Rajya Sabha के उपसभापति?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'आखिरी इच्छा' पूरी करने के लिए दिल्ली जा रहे हैं. इससे सत्ता समीकरण बदल सकता हैं. राज्य में बीजेपी अपना सीएम बनाने को तैयार है.
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने से हिली बिहार की राजनीति
Nitish Kumar Politics: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव सामने आया है. लंबे समय तक राज्य की सत्ता संभालने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री पद छोड़कर दिल्ली की राजनीति की ओर बढ़ रहे हैं. खबर है कि वे राज्यसभा जाएंगे. इस फैसले ने बिहार की राजनीति में नया समीकरण खड़ा कर दिया है.
करीब दो दशक से बिहार की राजनीति का चेहरा रहे नीतीश कुमार के हटने से राज्य में सत्ता का संतुलन बदल सकता है. एनडीए गठबंधन में शामिल Bharatiya Janata Party अब पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने की स्थिति में नजर आ रही है.
नीतीश कुमार कितनी बार बन चुके हैं सीएम?
दिलचस्प बात यह है कि नवंबर 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद ही नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन महज चार महीने बाद ही उनके इस्तीफे की खबर सामने आने से राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी जल्दी यह फैसला क्यों लिया गया.
क्या नीतीश कुमार की सेहत है वजह?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस फैसले के पीछे एक वजह उनकी सेहत भी हो सकती है. 1 मार्च को 75 साल के हो चुके नीतीश कुमार पहले की तरह सक्रिय नहीं दिख रहे थे. कई मौकों पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी स्थिति को लेकर सवाल उठे और विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बनाया. ऐसे में राज्यसभा जाना उनके लिए अपेक्षाकृत कम दबाव वाला विकल्प माना जा रहा है.
नीतीश कुमार क्यों जा रहे राज्यसभा?
नीतीश कुमार ने खुद भी कई बार संकेत दिया था कि वे संसद के दोनों सदनों का हिस्सा बनना चाहते हैं. उनके कई समकालीन नेता जैसे Lalu Prasad Yadav, Sushil Kumar Modi और Ram Vilas Paswan राज्यसभा में रहे हैं. अब नीतीश भी वही राजनीतिक सफर पूरा करना चाहते हैं.
अब क्या है बीजेपी की रणनीति?
2025 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जेडीयू से ज्यादा सीटें जीती थीं. भाजपा को 89 और जेडीयू को 85 सीटें मिली थीं. इसके बावजूद गठबंधन को बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री पद नीतीश कुमार के पास ही रहा. माना जा रहा है कि तभी से सत्ता हस्तांतरण की योजना पर अंदरखाने चर्चा चल रही थी. अब खबरें हैं कि बीजेपी किसी ओबीसी या अति पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है, जिससे राज्य की सामाजिक समीकरणों को साधा जा सके.
नीतीश कुमार राज्यसभा के बनेंगे उपसभापति?
कुछ राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि नीतीश कुमार को राज्यसभा में कोई अहम पद दिया जा सकता है. फिलहाल यह सिर्फ अटकलें हैं, लेकिन उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें राज्यसभा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है. ऐसी उम्मीद है कि उन्हें उपसभापति बनाया जा सकता है.
क्या निशांत कुमार की होगी राजनीति में एंट्री?
नीतीश कुमार हमेशा परिवारवाद के खिलाफ बोलते रहे हैं, लेकिन अब यह भी चर्चा है कि उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह जेडीयू की नई राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है.
कुल मिलाकर, बिहार की राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रही है. अगर नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं, तो राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार बनने की संभावना मजबूत हो जाएगी.




