Begin typing your search...

गुवाहाटी होमस्टे में छात्रा के साथ क्या-क्या हुआ, मां से फोन पर क्या हुई थी आखिरी बातचीत; जानें कहां तक पहुंची जांच

गुवाहाटी में एक होमस्टे में 22 वर्षीय छात्रा की मौत मामले में अब नए-नए खुलासे हो रहे हैं. परिवार ने लड़की के कथित प्रेमी और अन्य लोगों पर रेप और हत्या के आरोप लगाए हैं.

Guwahati student death
X

Guwahati student death

( Image Source:  X/ @MeghUpdates )
विशाल पुंडीर
Edited By:विशाल पुंडीर5 Mins Read

Updated on: 28 Sept 2026 12:54 PM IST

असम के गुवाहाटी में होमस्टे के लिए गई एक 22 वर्षीय छात्रा निमिषा की मौत मामले में पुलिस ने प्रेमी आसिक अली को गिरफ्तार किया है. वहीं, होमस्टे के मालिक जयंत साठी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक शनिवार तड़के उसे बेहोशी की हालत में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार ने निमिषा की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पिता का कहना है कि घटना वाली रात करीब 2 बजे बेटी ने अपनी मां को फोन किया था और खुद को प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी. उनका दावा है कि फोन पर निमिषा ने अपने प्रेमी द्वारा मारपीट किए जाने की बात कही और इसके कुछ ही देर बाद फोन बंद हो गया.

होमस्टे में क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, निमिषा शुक्रवार को अपने एक दोस्त के साथ गुवाहाटी के बाहरी इलाके के एक होमस्टे में गई थी. शनिवार तड़के उसे बेहोशी की हालत में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां से उसे जीएमसीएच भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों के अनुसार, निमिषा के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले है. हालांकि, घटनास्थल या होमस्टे के फर्श पर खून नहीं मिला. जांच के मुताबिक, रात में दोनों के बीच शराब पार्टी होने की बात भी सामने आई है. रात करीब दो बजे आसिक अली ने होमस्टे के रसोइए को दरवाजा खटखटाकर जगाया था. इसके बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे देर रात करीब तीन बजे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.

पिता ने क्या दी जानकारी?

मृतका के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी ने रात करीब 2 बजे अपनी मां को फोन किया था. परिवार के अनुसार, फोन पर उसने बताया कि उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की जा रही है और उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है. पिता ने कहा "उसने अपनी मां को बताया कि वे उसे प्रताड़ित कर रहे थे, उसे जान से मार देंगे, और उससे उसे बचाने की गुहार लगाई. उसने बताया कि उसके प्रेमी ने उसकी छाती पर लात मारी. इसके तुरंत बाद उसका फोन बंद हो गया. बाद में, हमने उसे अस्पताल में देखा, जब तक कि उसकी मौत हो चुकी थी."

परिवार ने क्या-क्या लगाए आरोप?

छात्रा के पिता ने दावा किया कि बेटी के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे. उन्होंने कहा "उसके होंठों से लेकर शरीर के अन्य हिस्सों और यहां तक कि गुप्तांगों तक, हर जगह चोटें थीं. एक व्यक्ति ऐसा नहीं कर सकता. मुझे यकीन है कि कई पुरुषों ने मिलकर उसके साथ बलात्कार और हत्या की है. हम उचित जांच की मांग करते हैं."

मामले पर क्या बोली पुलिस?

गुवाहाटी पश्चिम के डीसीपी बोलिन देओरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है. डीसीपी ने कहा "प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हत्या का मामला है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हम मामले की आगे जांच कर रहे हैं और कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. जब हम मौके पर गए तो हमें शव या होमस्टे के फर्श पर खून नहीं मिला। मौत का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है."

आरोपी के परिवार ने क्या बताया?

आरोपी के परिवार के मुताबिक, वह पिछले कुछ महीनों से छात्रा के साथ रिश्ते में था. परिवार को इस रिश्ते की जानकारी थी. परिवार ने बताया कि छात्रा ईद के दौरान उनके घर भी आई थी और शादी के लिए तैयार थी. आरोपी की मां ने बताया कि उस मुलाकात में उन्होंने छात्रा से बातचीत भी की थी. उन्होंने कहा "मैंने उससे कहा तुम पढ़ी-लिखी हो और मेरा बेटा भी पढ़ा-लिखा है. मेरा बेटा मुसलमान है और तुम हिंदू हो. मुझे उम्मीद है कि तुम मेरी बात समझ रही हो."

उन्होंने आरोपी के दोषी पाए जाने पर सजा की मांग करते हुए कहा "अगर वह दोषी है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए. मैंने सुना है कि उस रात लड़की ने अपनी मां को फोन करके बताया कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है. मैं उसके लिए न्याय चाहती हूं."

अगला लेख