क्या एशियन गेम्स 2026 में दोहराई जाएगी 2023 की कहानी, अगर भारत का सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला रद्द हुआ तो किसे मिलेगा गोल्ड?
भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. बिना टॉस हुए मैच को रद्द करना पड़ा. इससे हायर सीडिंग के चलते टीम इंडिया सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई. अब बड़ा सवाल है कि अगर सेमीफाइनल या फाइनल भी बारिश में धुल गया तो क्या होगा?
प्रैक्टिस करती हुई टीम इंडिया
Asian Games 2026 : अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भारत को मैदान पर उतरने का मौका तक नहीं मिला. बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण मैच बिना टॉस के ही रद्द कर दिया गया... लेकिन मैच रद्द होने का मतलब यह नहीं था कि दोनों टीमों को बराबर का फायदा मिला. एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट के नॉकआउट नियम के तहत हायर सीडिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह मिलती है और इसी वजह से भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया.
अब भारत के सामने सेमीफाइनल की चुनौती है,जो 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे खेला जाना है. भारत के सामने श्रीलंका और नेपाल के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम होगी. अगर उस मुकाबले का भी कोई नतीजा नहीं निकलता, तो सीडिंग नियम के आधार पर अगली टीम तय होगी.
भारत का सेमीफाइनल मुकाबला रद्द हुआ तो क्या होगा?
लेकिन यहीं से एक दिलचस्प सवाल शुरू होता है- अगर भारत का सेमीफाइनल भी बारिश के कारण रद्द हो गया तो क्या होगा? एशियन गेम्स क्रिकेट की प्लेइंग कंडीशंस में नॉकआउट मैच का कोई नतीजा नहीं निकलने पर हायर रैंकिंग/सीडिंग वाली टीम को आगे बढ़ाने का प्रावधान है. इसी नियम के तहत इस साल महिला क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल में भी बारिश के कारण बांग्लादेश को चीन के खिलाफ आगे भेजा गया था.
इसका मतलब यह है कि अगर भारत का सेमीफाइनल बिना किसी नतीजे के रद्द होता है और भारत संबंधित मुकाबले में हायर सीडिंग वाली टीम है, तो भारत फाइनल में पहुंच जाएगा. यानी बारिश यहां सिर्फ मैच का खेल नहीं बिगाड़ेगी, बल्कि टूर्नामेंट का पूरा रास्ता बदल सकती है.
क्या 2023 जैसा होगा नतीजा?
अब आते हैं सबसे बड़े सवाल पर- अगर फाइनल ही बारिश में धुल गया तो गोल्ड किसे मिलेगा? इसका सबसे बड़ा उदाहरण हमें पिछले एशियन गेम्स में मिल चुका है. 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत और अफगानिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका था. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.2 ओवर में 112/5 बनाए थे, लेकिन इसके बाद बारिश नहीं रुकी और भारत अपनी पारी शुरू ही नहीं कर सका. मैच रद्द हुआ और भारत को उसकी बेहतर सीडिंग के आधार पर गोल्ड मेडल दिया गया, जबकि अफगानिस्तान को सिल्वर मिला.
यानी 2023 का मामला सिर्फ पुराना उदाहरण नहीं है, बल्कि यह बताता है कि एशियन गेम्स में क्रिकेट के नॉकआउट मुकाबलों में बारिश की स्थिति में सीडिंग कितनी महत्वपूर्ण हो सकती है. 2026 में भी यही सवाल भारत के लिए अहम है. भारत इस टूर्नामेंट में हायर सीडिंग के साथ उतरा है और इसी वजह से अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल रद्द होने के बाद उसे सेमीफाइनल में जगह मिली.
भारत का अगला मुकाबला कब होगा?
अब भारत का अगला मुकाबला 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल में नेपाल या श्रीलंका में से जो भी टीम तीसरा क्वार्टर फाइनल जीतेगी, उससे होगा. अगर नेपाल-श्रीलंका मैच भी बारिश के चलते रद्द हुआ, तो बेहतर रैंकिंग के कारण श्रीलंका सेमीफाइनल में भारत से भिड़ेगा. वहीं, पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश/मलेशिया मैच की विनर टीम के बीच दूसरा सेमीफाइनल भी 1 अक्टूबर को सुबह 5:30 बजे खेला जाएगा, जबकि ब्रॉन्ज मेडल मैच 3 अक्टूबर को सुबह 5:30 बजे और गोल्ड मेडल मैच सुबह 10 बजे निर्धारित है.
इस पूरे मामले को आसान भाषा में समझें तो भारत का अगर सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है तो गोल्ड मेडल भारतीय टीम को ही मिलेगा. इसकी वजह यह है कि उसे पूरे टूर्नामेंट में नंबर-1 सीड दी गई है.




