Begin typing your search...

ऑटो ड्राइवर की बेटी ने एशियन गेम्स में जीता सिल्वर, जून में तोड़ा था अंजू बॉबी जॉर्ज का रिकॉर्ड; कहानी Ancy Sojan की

भारत की Ancy Sojan ने एशियन गेम्स 2026 में महिला लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीता. 6.53 मीटर की छलांग लगाने वाली एंसी गोल्ड के बेहद करीब थीं, लेकिन चीन की हुआंग यिंगयिंग ने आखिरी प्रयास में 6.55 मीटर कूदकर बाजी पलट दी. एंसी ने जून में अंजू बॉबी जॉर्ज का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था.

Ancy Sojan Asian Games 2026 silver medal
X

 Ancy Sojan 

( Image Source:  x.com/sumit_kochhar )

Ancy Sojan: भारत की लॉन्ग जंपर एंसी सोजन ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया. हालांकि, एक समय ऐसा लग रहा था कि एंसी गोल्ड मेडल जीत सकती हैं, लेकिन आखिरी प्रयास में चीन की हुआंग यिंगयिंग ने पूरा खेल बदल दिया. यह एंसी का एशियन गेम्स में लगातार दूसरा सिल्वर मेडल भी है. उन्होंने इससे पहले हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी लॉन्ग जंप में सिल्वर जीता था.

एंसी ने अपने पांचवें प्रयास में 6.53 मीटर की छलांग लगाई और गोल्ड की स्थिति मजबूत कर ली. इसके बाद चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने अंतिम प्रयास में 6.55 मीटर की छलांग लगाई. यानी दोनों के बीच सिर्फ 2 सेंटीमीटर का अंतर रहा. हुआंग ने गोल्ड, एंसी ने सिल्वर और चीन की तान मेंगयी ने 6.46 मीटर के प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. भारत की दूसरी खिलाड़ी शाइली सिंह 6.42 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहीं.

कौन हैं एंसी सोजन?

एंसी सोजन एडप्पिल्ली केरल की 25 वर्षीय लॉन्ग जंप एथलीट हैं. वर्ल्ड एथलेटिक्स के रिकॉर्ड के मुताबिक उनका जन्म 1 मार्च 2001 को हुआ और उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.88 मीटर है. वह एशियन गेम्स की सिल्वर मेडलिस्ट के साथ-साथ एशियन चैंपियनशिप की भी सिल्वर मेडलिस्ट रह चुकी हैं.

एंसी की पहचान 2026 में उस समय और बड़ी हो गई, जब उन्होंने भुवनेश्वर में नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 6.88 मीटर की छलांग लगाई. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अंजू बॉबी जॉर्ज का 6.83 मीटर का 22 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया. अंजू ने यह रिकॉर्ड 2004 एथेंस ओलंपिक में बनाया था.

ऑटो ड्राइवर की बेटी, पिता ने दिया सपनों को सहारा

एंसी का सफर भी काफी संघर्ष भरा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह केरल के त्रिशूर इलाके से आती हैं और उनके पिता सोजन ऑटो ड्राइवर हैं. शुरुआती दौर में उनके पिता ने ही बेटी के एथलीट बनने के सपने को आगे बढ़ाने में मदद की और स्कूल स्तर पर उन्हें ट्रेनिंग भी दी.

एंसी ने छोटी उम्र से ही एथलेटिक्स में पहचान बनानी शुरू कर दी थी. स्कूल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के बाद वह धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचीं. आज वह भारतीय नौसेना में चीफ पेटी ऑफिसर भी हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं.

6.88 मीटर की छलांग ने बदली पहचान

जून 2026 में भुवनेश्वर में एंसी ने अपने पांचवें प्रयास में 6.88 मीटर की छलांग लगाई. इससे पहले उनका शुरुआती प्रयास 6.73 मीटर का था. 6.88 मीटर के प्रदर्शन ने उन्हें सीधे भारतीय महिला लॉन्ग जंप के इतिहास में एक खास मुकाम पर पहुंचा दिया, क्योंकि उन्होंने अंजू बॉबी जॉर्ज का 6.83 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया.

एंसी का यह प्रदर्शन एशियन गेम्स के लिए भी महत्वपूर्ण था. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के रिकॉर्ड के मुताबिक, महिला लॉन्ग जंप का एशियन गेम्स क्वालिफाइंग मार्क 6.48 मीटर था और एंसी ने इसे आसानी से पार किया था.

शाइली सिंह को चौथा स्थान

भारत की दूसरी लॉन्ग जंपर शाइली सिंह भी मेडल की दौड़ में थीं. वह मुकाबले के काफी हिस्से में पोडियम की स्थिति में बनी हुई थीं, लेकिन अंत में चीन की तान मेंगयी के 6.46 मीटर के प्रदर्शन के बाद शाइली चौथे स्थान पर खिसक गईं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 6.42 मीटर रहा.

अगला लेख