कब और क्यों पड़ोसी ने दी थी स्क्वॉश खेलने की सलाह, अब एशियन गेम्स 2026 में जीता सिल्वर मेडल, कौन हैं अभय सिंह?
एशियन गेम्स 2026 स्क्वैश प्रतियोगिता में भारत के अभय सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. फाइनल में उनको मलेशिया के एनजी इयन यो के हाथों हार का सामना करना पड़ा.
Abhay Singh Squash Silver Medal
Asian Games 2026: भारत के अभय सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की स्क्वॉश सिंगल्स प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. रविवार को खेले गए फाइनल में उन्हें मलेशिया के डिफेंडिंग चैंपियन एनजी इयन यो के हाथों 11-9, 11-5, 11-5 से हार का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही अभय ने एशियन गेम्स में पुरुष सिंगल्स में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की.
फाइनल में अभय ने खासकर पहले गेम में मलेशियाई खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दी. पहला गेम बेहद करीबी रहा और एनजी इयन यो ने 11-9 से इसे अपने नाम किया. दूसरे गेम में मलेशियाई खिलाड़ी ने 11-5 से जीत दर्ज की. तीसरे गेम में अभय ने 4-2 की बढ़त भी बनाई और एक समय स्कोर 5-4 तक पहुंचाया, लेकिन एनजी इयन यो ने वापसी करते हुए गेम 11-5 से जीत लिया.
कौन हैं अभय सिंह?
अभय सिंह का जन्म 3 सितंबर 1998 को चेन्नई, तमिलनाडु में हुआ था. उन्होंने चेन्नई के गुरु नानक कॉलेज, वेलाचेरी से उच्च शिक्षा हासिल की और बीकॉम की डिग्री पूरी की. करीब 8 साल की उम्र में उनका स्क्वॉश से जुड़ना भी एक संयोग था. दरअसल, अभय का दाखिला टेनिस कैंप में नहीं हो पाया था. इसके बाद उनके एक पड़ोसी ने उन्हें स्क्वॉश खेलने की सलाह दी. यही खेल आगे चलकर उनके करियर की पहचान बन गया.
अभय सिंह के पिता का नाम गुरमीत सिंह है. उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन काम के सिलसिले में काफी समय पहले चेन्नई आकर बस गया था. चेन्नई में ही अभय ने स्क्वॉश को अपने करियर के तौर पर आगे बढ़ाया.
कब मिला था अर्जुन अवॉर्ड?
अभय सिंह के खेल करियर में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां रही हैं. उनके प्रदर्शन को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें साल 2024 में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया. अभय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार अपनी पहचान बनाई है। अप्रैल 2026 में वह करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग 22वें स्थान तक पहुंचे थे.
कौन-कौन सी उपलब्धि की हासिल?
अभय सिंह अब तक 10 से अधिक प्रोफेशनल स्क्वॉश एसोसिएशन यानी PSA टूर खिताब जीत चुके हैं. इनमें इंडियन ओपन 2026 और तुआंकू मुहरिज ट्रॉफी जैसे खिताब भी शामिल हैं. एशियन गेम्स में पहुंचने से पहले भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल में अभय ने पाकिस्तान के मोहम्मद इरफान को सीधे तीन गेम में 11-3, 12-10, 11-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
अभय सिंह के करियर की एक बड़ी उपलब्धि दिसंबर 2025 में सामने आई थी. चेन्नई में आयोजित स्क्वॉश वर्ल्ड कप में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की थी. फाइनल में भारत ने हांगकांग को हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था.




