Begin typing your search...

41 लोगों की मौत, फसल बर्बाद, 11 जिलों में मचा हाहाकार... असम में बाढ़ से मची तबाही में 6.53 लाख लोग प्रभावित- TOP Updates

असम में लगातार भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते कई जिलों में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. वहीं अभी तक बाढ़ के चलते 41 लोगों की मौत हो चुकी है.

Assam Flood 41 people died
X

Assam Flood 41 people died

( Image Source:  ANI )

असम में भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है. लगातार हो रही बारिश से राज्य में हालात बिगड़ते जा रहे हैं. बुधवार को बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस साल बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है. राज्य के 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और लाखों लोग इस प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहे हैं.

IMD ने भी आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई है. विभाग ने बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी, जबकि अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.

कौन-कौन से जिले बाढ़ से प्रभावित?

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से राज्य के शिवसागर, चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, जोरहाट, कामरूप, कामरूप महानगर, कार्बी आंगलोंग और नागांव जिले प्रभावित हुए हैं. इन जिलों में 6.53 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. सबसे अधिक असर शिवसागर जिले में देखा गया है, जहां करीब 4 लाख लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं. इसके बाद चराइदेव में लगभग 1.11 लाख और जोरहाट में 97 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.

ANI

बुधवार को कहां-कहां हुई मौत?

1. गुवाहाटी में 1 व्यक्ति

2. शिवसागर में 3 लोग

3. जोरहाट में 3 लोग

4. चराइदेव में 2 लोग

5. कार्बी आंगलोंग में 1 व्यक्ति

6. धेमाजी में 1 व्यक्ति

अब तक हेक्टेयर फसल बर्बाद?

बाढ़ का असर ग्रामीण इलाकों में सबसे अधिक देखने को मिल रहा है. ASDMA की रिपोर्ट के मुताबिक 939 गांव पूरी तरह जलमग्न हैं. 24,897.27 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ के कारण बर्बाद हो चुकी है. इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है.

ANI

राहत शिविरों में कितने लोग?

राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. फिलहाल 10 जिलों में 487 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां 24,418 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है. प्रशासन लगातार प्रभावित परिवारों तक भोजन, पानी और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास कर रहा है.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियां मिलकर अब तक 8,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी हैं.

ANI

क्या बोले सीएम हिमंता?

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बाढ़ प्रभाविता इलाकों का दौरा किया. जिसके बाद उन्होंने कहा "बादल फटने से अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के ऊपरी राज्यों में असाधारण रूप से भारी वर्षा हुई, जहां क्रमशः सामान्य से 141% और 181% अधिक वर्षा हुई. इसके परिणामस्वरूप असम में बाढ़ का पानी अभूतपूर्व रूप से बह गया, जिससे ऐसे जिले जलमग्न हो गए जहां हाल के इतिहास में बहुत कम या बिल्कुल भी बाढ़ नहीं आई थी."

कौनसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर?

1. खोवांग में बुरिदिहिंग नदी

2. शिवसागर में दिखौ नदी

3. नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी

4. श्रीभूमि में कुशियारा नदी

क्या है IMD की चेतावनी?

भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक असम में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट लागू रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.

अगला लेख