Begin typing your search...

18-19 जुलाई को ऐसा क्या हुआ कि असम में आई अब तक की सबसे भयावह बाढ़? बारिश, नदी और भूगोल की पूरी कहानी

18-19 जुलाई 2026 को असम में आई भयावह बाढ़ की पूरी कहानी जानिए. बारिश, ब्रह्मपुत्र, sediment, भूगोल, तटबंध और जलवायु बदलाव ने कैसे बढ़ाई तबाही?

18-19 जुलाई को ऐसा क्या हुआ कि असम में आई अब तक की सबसे भयावह बाढ़? बारिश, नदी और भूगोल की पूरी कहानी
X

पिछले 15-20 दिनों से असम बाढ़ की मार झेल रहा है. अब तक जो सामने आया है, उसको लेकर कहा जा रहा है, ऐसी बाढ़ अभी तक नहीं देखी गई है. किसी बुजुर्ग का कहना है कि वो 95 साल के हो गए और उन्होंने अपने जीवन में ऐसी बाढ़ नहीं देखी. 18-19 जुलाई के बाद से ही असम का बड़ा हिस्सा बुरी तरह से बाढ़ की चपेट में है. लोग के घर पानी में डूब गए.

19 जुलाई की रात से ही असम में कई जगह सिर्फ घर नहीं डूबे थे. डूब गए थे खेत, सड़कें, गांव और लोगों का वह भरोसा कि उनका घर इस बार बच जाएगा. अब सवाल है कि 18 और 19 जुलाई को आखिर ऐसा क्या हुआ कि पानी ने उन इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहां लोगों ने दशकों से ऐसी बाढ़ नहीं देखी थी?

क्या आसमान से बरसी रिकॉर्ड बारिश इसकी वजह थी?

क्या सिर्फ आसमान से बरसी रिकॉर्ड बारिश इसकी वजह थी? या फिर पहाड़ों से उतरता पानी, ब्रह्मपुत्र का बदलता रास्ता, करोड़ों टन गाद, कटते जंगल और हजारों किलोमीटर लंबे तटबंध— इन सबने मिलकर इस तबाही को जन्म दिया?

असम की इस बाढ़ की कहानी सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा की कहानी नहीं है. यह उस नदी की कहानी है, जिसे इंसान दशकों से रोकने की कोशिश कर रहा है… और जो हर साल अपना रास्ता बदलकर जवाब देती है.

असम के ऊपरी हिस्सों में इस बार बाढ़ उन इलाकों तक पहुंची, जिन्हें स्थानीय लोग अपेक्षाकृत सुरक्षित मानते थे. जुलाई के आखिरी सप्ताह तक इसे अभूतपूर्व बाढ़ बताया जा रहा था और कई जिलों के लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा जलस्तर नहीं देखा.

18-19 जुलाई को आखिर हुआ क्या?

इस बाढ़ की कहानी सिर्फ एक दिन की बारिश से नहीं समझी जा सकती. ऊपरी असम और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में जुलाई के दौरान अत्यधिक बारिश हुई. खासकर नगालैंड और उससे सटे ऊपरी असम के इलाकों में बारिश सामान्य से कई गुना अधिक दर्ज की गई.

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुरुआती तौर पर नागालैंड में बादल फटने को संभावित कारण बताया था, लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि IMD ने नागालैंड में आधिकारिक तौर पर किसी cloudburst की पुष्टि नहीं की थी. कुछ इलाकों में सामान्य से लगभग 500 फीसदी तक ज्यादा बारिश दर्ज होने की बात सामने आई.

यानी असली कहानी है- असाधारण बारिश, पहाड़ों से तेजी से आया पानी, पहले से भरी नदियां और ब्रह्मपुत्र की विशाल जलधारा ने लोगों का सबकुछ छीन लिया.

असम का 40 फीसदी हिस्सा बाढ़ की चपेट में क्यों?

असम की भौगोलिक बनावट ही उसे बाढ़ के लिए बेहद संवेदनशील बनाती है. राज्य का लगभग 39.58 फीसदी क्षेत्र बाढ़ संभावित है. सरकार के अनुसार असम में हर साल औसतन करीब 9.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित होता है.

एक तरफ हिमालय और दूसरी तरफ विशाल ब्रह्मपुत्र घाटी. पहाड़ों से आने वाली नदियां मैदान में पहुंचते ही धीमी होती हैं. उनके साथ आया गाद और तलछट नीचे जमता है. यही प्रक्रिया समय के साथ नदी के रास्ते, गहराई और चौड़ाई को बदलती रहती है.

ब्रह्मपुत्र इतनी खतरनाक क्यों है?

तिब्बत में इसे यारलुंग त्सांगपो कहा जाता है. यह तिब्बती पठार से बहते हुए हिमालय के पूर्वी हिस्से में गहरी घाटी काटती है और अरुणाचल प्रदेश में सियांग/दिहांग के रूप में प्रवेश करती है. वहां दिबांग और लोहित जैसी नदियां मिलने के बाद असम में इसे ब्रह्मपुत्र कहा जाता है. आगे यह बांग्लादेश में जाकर जमुना कहलाती है.

ब्रह्मपुत्र की सबसे बड़ी खासियत उसका विशाल sediment load है. विश्व बैंक के अनुसार ब्रह्मपुत्र-जमुना हर साल औसतन करीब 607 मिलियन टन तलछट ले जाती है और यह दुनिया की सबसे अधिक sediment transport करने वाली नदियों में है.

असम के मैदान में पानी की रफ्तार कम होते ही इसका एक बड़ा हिस्सा नदी, चारों और floodplain में जमा होने लगता है. NASA के अनुसार पसिघाट के बाद ब्रह्मपुत्र कई धाराओं वाली braided river में बदल जाती है और कुछ ही किलोमीटर में इसकी चौड़ाई कई गुना बढ़ जाती है. यही कारण है कि ब्रह्मपुत्र को एक सीधी, स्थिर नदी की तरह नियंत्रित करना बेहद मुश्किल है.

1950 के भूकंप ने भी बदल दी नदी की कहानी

15 अगस्त 1950 को आए भीषण असम-तिब्बत भूकंप ने पूरे क्षेत्र की भौगोलिक संरचना को प्रभावित किया. भूस्खलनों से भारी मात्रा में मलबा और sediment नदी तंत्र में पहुंचा. वैज्ञानिक अध्ययनों में नदी घाटियों में liquefaction और बड़े पैमाने पर भूस्खलन के प्रमाण मिले हैं.

इसके बाद ब्रह्मपुत्र का channel morphology और sediment dynamics बदलने की प्रक्रिया और तेज हुई. नदी आज भी कई स्थानों पर अपनी धाराएं बदलती है, नए sandbars और channels बनाती है तथा किनारों को काटती है. 2019 की बाढ़ के अध्ययन में भी ब्रह्मपुत्र की धाराओं और sediment pathways में बड़े बदलाव दर्ज किए गए थे.

4,800 किलोमीटर की तटबंध क्यों नहीं रोक पाई बाढ़?

असम में दशकों से flood control का सबसे बड़ा हथियार embankment रहा है. राज्य के जल संसाधन विभाग के अनुसार अब तक लगभग 4,473.82 किमी तटबंध बनाए जा चुके हैं. वहीं जुलाई 2026 में विधानसभा में सरकार ने बताया कि राज्य में करीब 4,800 किमी embankments हैं और इनमें से लगभग 3,000 किमी की मरम्मत या reconstruction की जरूरत है.

यही सबसे बड़ा सवाल है- अगर इतने बड़े पैमाने पर तटबंध बने हैं तो पानी गांवों तक क्यों पहुंच रहा है? क्योंकि ब्रह्मपुत्र जैसी नदी सिर्फ किनारे से नहीं लड़ती. नदी का तल, धाराएं, sediment, erosion और आसपास की drainage व्यवस्था लगातार बदलती रहती है. तटबंध टूटने या पानी के ऊपर से निकलने पर नुकसान और बढ़ सकता है.

बारिश नहीं, जंगल और जमीन का बदलता चेहरा भी बिग फैक्टर

रिसर्च बताती है कि upper catchment में deforestation और जमीन के इस्तेमाल में बदलाव से बारिश का पानी तेजी से runoff में बदल सकता है. इससे नदियों में peak flow और sediment दोनों बढ़ सकते हैं.

2026 की बाढ़ में Assam-Nagaland border क्षेत्र में excavation और mining को लेकर भी सवाल उठे हैं. सरकार ने कहा है कि तत्काल प्राथमिकता राहत और पुनर्वास है और उसके बाद बाढ़ के मूल कारणों की जांच की जाएगी.

राजनीति में बाढ़ का वादा, जमीन पर चुनौती

बाढ़ असम की राजनीति का पुराना मुद्दा है. 2016 में सत्ता में आने के बाद बीजेपी सरकार ने बाढ़ और कटाव से राहत को बड़े मुद्दे के तौर पर उठाया. फरवरी 2026 में चुनाव अभियान के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अगर बीजेपी फिर सत्ता में आती है तो अगले पांच साल में असम को बाढ़-मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.

लेकिन जुलाई की बाढ़ ने इस वादे के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया. क्योंकि अब चुनौती सिर्फ बाढ़ रोकने की नहीं है. चुनौती यह समझने की है कि कहां पानी आएगा, कितनी तेजी से आएगा और किन इलाकों को सुरक्षित रखा जा सकता है.

समाधान क्या है- बाढ़ रोकना या बाढ़ के साथ जीना?

असम के लिए पूरी तरह बाढ़ खत्म करना शायद व्यावहारिक लक्ष्य नहीं है. वैज्ञानिक दृष्टिकोण में बेहतर रणनीति “Living with Floods” हो सकती है. इसके लिए पांच चीजें जरूरी हैं-

  • पहला- Flood Plain Zoning: नदी के प्राकृतिक floodplain में बिना योजना के निर्माण रोकना.
  • दूसरा- बेहतर Early Warning: गांव स्तर तक कुछ घंटे पहले नहीं बल्कि पर्याप्त समय पहले चेतावनी पहुंचाना.
  • तीसरा- Embankment Audit: हर साल सिर्फ नए तटबंध बनाने के बजाय पुराने तटबंधों की मजबूती की वैज्ञानिक जांच.
  • चौथा- Catchment Management: पहाड़ी इलाकों में deforestation, अनियंत्रित excavation और sediment generation को नियंत्रित करना.
  • पांचवां- लोगों की तैयारी: बाढ़ आने पर कहां जाना है, बच्चों-बुजुर्गों को कैसे निकालना है, बिजली और गैस कब बंद करनी है- इसकी गांव स्तर पर नियमित ट्रेनिंग.
  • असम सरकार की अपनी flood-management सूची में भी drainage improvement, sluices, raised platforms, flood forecasting और flood zoning जैसे उपाय शामिल हैं.

बाढ़ ने असली सवाल क्या छोड़ा?

7 अगस्त तक बाढ़ से जुड़ी मौतों का आंकड़ा 97 तक पहुंच चुका है. प्रभावित लोगों की संख्या और जिलों की स्थिति लगातार बदलती रही है. इसलिए 18-19 जुलाई की रात को सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा के रूप में देखना आसान होगा, लेकिन पूरी कहानी कहीं ज्यादा बड़ी है.

बारिश आसमान से आई, पानी पहाड़ों से उतरा, ब्रह्मपुत्र ने उसे अपने विशाल floodplain में फैलाया- लेकिन नुकसान कितना होगा, यह असम के भूगोल, नदी के बदलते चरित्र और इंसानी फैसलों ने तय किया. इस बाढ़ ने एक बार फिर बता दिया है कि असम के सामने सवाल सिर्फ यह नहीं है कि “बाढ़ कब आएगी?” सवाल यह है- अगली बार जब आएगी, तो क्या गांव उसके लिए तैयार होंगे?

एक्सप्लेनर
अगला लेख