Begin typing your search...

बैटिंग ही नहीं श्रीलंका में फील्डिंग पर भी जोर दे रहे Yashasvi Jaiswal, अभी भी याद है Rohit Sharma की ये बात, Viral हुआ था Video

श्रीलंका दौरे पर यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी के साथ-साथ स्लिप कैचिंग और फील्डिंग पर भी जमकर मेहनत कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी फील्डिंग से जुड़ी पोस्ट की. इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए रोहित शर्मा की सलाह का जिक्र किया.

yashasvi jaiswal slip catching instagram post rohit sharma fielding advice
X

Yashasvi Jaiswal Instagram Post: श्रीलंका दौरे पर भारतीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ अपनी बल्लेबाजी को लेकर ही तैयारी नहीं कर रहे हैं, बल्कि फील्डिंग में भी खुद को और बेहतर बनाने पर पूरा जोर दे रहे हैं. टेस्ट सीरीज से पहले यशस्वी स्लिप कैचिंग और फील्डिंग की प्रैक्टिस में जमकर पसीना बहा रहे हैं.

इसी बीच यशस्वी ने अपने Instagram अकाउंट पर फील्डिंग की कुछ तस्वीरें शेयर कीं. तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “Because once a legend said ‘jab tak khelega nahi, tab tak uthneka nahi’ ”. यशस्वी का यह पोस्ट सामने आते ही फैंस का ध्यान उनकी फील्डिंग से ज्यादा उस पुराने किस्से पर चला गया, जिसका उन्होंने मजेदार अंदाज में जिक्र किया था.

गली क्रिकेट खेल रहा है क्या?

दरअसल, यशस्वी का इशारा रोहित शर्मा की उस बात की तरफ था, जो ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई थी. मेलबर्न टेस्ट में फील्डिंग के दौरान रोहित ने यशस्वी को गेंद पर नजर बनाए रखने और अपनी पोजिशन से जल्द न उठने की हिदायत दी थी.

रोहित का अंदाज उस समय काफी चर्चा में रहा था. उन्होंने यशस्वी को समझाते हुए कहा था कि जब तक बल्लेबाज गेंद को खेले नहीं, तब तक अपनी जगह से नहीं हिलना है. इसी दौरान रोहित ने मजाकिया अंदाज में पूछा था कि क्या वह ‘गली क्रिकेट’ खेल रहा है.

यशस्वी को अभी भी याद है रोहित की सीख

यशस्वी ने अब उसी पुराने वाकये को याद करते हुए अपनी फील्डिंग प्रैक्टिस की तस्वीरों के साथ रोहित की सीख को जोड़ दिया. उनका कैप्शन भले ही मजाकिया था, लेकिन इसके पीछे टेस्ट क्रिकेट में एकाग्रता और फील्डिंग अनुशासन की अहमियत भी साफ नजर आती है.

स्लिप में यशस्वी की तैयारी

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज को देखते हुए यशस्वी स्लिप कैचिंग पर विशेष ध्यान दे रहे हैं. टेस्ट क्रिकेट में स्लिप में खड़े फील्डर को गेंद पर लगातार नजर बनाए रखनी होती है और बेहद कम समय में कैच का फैसला लेना पड़ता है. यही वजह है कि फील्डिंग की प्रैक्टिस बल्लेबाजी जितनी ही महत्वपूर्ण हो जाती है. यशस्वी की तस्वीरों से भी साफ है कि वह दौरे पर अपने खेल के हर पहलू को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.

रोहित की सीख बनी यादगार

रोहित शर्मा की वह पुरानी फटकार भले ही उस समय मजाकिया लहजे में सामने आई थी, लेकिन उसका संदेश काफी सीधा था- गेंद पर नजर रखो, अपनी पोजिशन मत छोड़ो और आखिरी पल तक तैयार रहो. यशस्वी का नया पोस्ट इसी बात को एक हल्के-फुल्के अंदाज में याद करता है. क्रिकेट फैंस के लिए यह पोस्ट इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि इसमें एक युवा खिलाड़ी अपने सीनियर और पूर्व कप्तान की कही बात को याद करते हुए दिखाई दे रहा है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख