Women's T20 WC 2026: क्या साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद फंस गई टीम इंडिया, सेमीफाइनल में पहुंचने का क्या है अब समीकरण?
Women's T20 WC 2026: टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों टूर्नामेंट की पहली हार का सामना करना पड़ा है. जिसके बाद टीम इंडिया के लिए अब सेमीफाइल की राह थोड़ी मुश्किल हो चली है.
team india Semi Final Scenario
Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ ग्रुप ए के अहम मुकाबले में मिली 6 विकेट की हार ने टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह मुश्किल बना दी है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत 158 रनों का स्कोर खड़ा करने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर सका.
इस हार के बाद भारतीय टीम की स्थिति ‘करो या मरो’ जैसी हो गई है. अब हर मैच टीम इंडिया के लिए फाइनल की तरह होगा, क्योंकि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उसे अपने बचे हुए दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी।.अंक तालिका में भारत अभी भी मजबूत स्थिति में दिख रहा है, लेकिन एक और हार पूरे समीकरण को बदल सकती है.
सेमीफाइनल का समीकरण क्या कहता है?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रारूप के अनुसार प्रत्येक ग्रुप से केवल टॉप-2 टीमें ही सेमीफाइनल में जाएंगी. ऐसे में भारत के लिए अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है. यदि टीम इंडिया अपने शेष दो मुकाबलों में से एक भी मैच हारती है और दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया तथा दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी मैच जीत लेते हैं, तो भारत के लिए शीर्ष दो में जगह बनाना बेहद मुश्किल हो जाएगा. ऐसी स्थिति में भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर भी हो सकती है.
कब हैं अगले 2 मैच?
भारतीय टीम का अगला मुकाबला 25 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा. इसके बाद भारत को 28 जून को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम का सामना करना होगा. ऑस्ट्रेलियाई टीम मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में है और उसे हराना भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकता है.
भारत के लिए क्या है समीकरण?
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को अपने दोनों शेष मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि उसका नेट रन रेट और मजबूत हो सके. इसके अलावा भारतीय टीम को यह भी उम्मीद करनी होगी कि दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी मैचों में कम से कम एक अंक गंवा दे. यदि ऐसा होता है तो भारत के लिए अंतिम चार में जगह बनाने की संभावना काफी मजबूत हो जाएगी.
पॉइंटस टेबल में कौन कहां?
ग्रुप ए की अंक तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में तीन जीत के साथ 6 अंकों पर टॉप पर है. वहीं दक्षिण अफ्रीका, भारत और बांग्लादेश के खाते में तीन-तीन मैचों के बाद 4-4 अंक हैं. हालांकि बेहतर नेट रन रेट के कारण भारतीय टीम दूसरे स्थान पर है. दूसरी ओर पाकिस्तान और नीदरलैंड अपने शुरुआती तीनों मुकाबले हार चुके हैं और उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी हैं.




