Begin typing your search...

कौन हैं हिमांशु वेइंगकर, जिनका रोते हुए इंटरव्यू में हरमनप्रीत कौर ने लिया नाम; क्यों दिया अपनी विस्फोटक बैटिंग का श्रेय?

जिम्बाब्वे के साथ खेले गए सीरीज के आखिरी टी20 मैच में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस विस्फोटक बल्लेबाजी का श्रेय हरमनप्रीत ने हिमांशु वेइंगकर को दिया.

harmanpreet kaur
X

harmanpreet kaur

( Image Source:  X/ @BCCIWomen )
विशाल पुंडीर
Edited By:विशाल पुंडीर3 Mins Read

Updated on: 21 Oct 2026 12:34 PM IST

हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्मृति मंधाना की अगुवाई में 3 मैचों की टी20 सीरीज जिम्बाब्वे के साथ खेली. सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला गया, इस मैच को टीम इंडिया ने 92 रनों से जीतकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा किया. सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए महज 41 गेंदों पर 91 रनों की नाबाद पारी खेली.

विस्फोटक पारी खेलने के बाद हरमनप्रीत को ब्रॉडकास्ट टीम से बातचीत करते हुए देखा गया, इस दौरान पूर्व कप्तान बेहद भावुक दिखीं और रोते हुए उन्होंने एक नाम लिया 'हिमांशु भैया'. अब हर किसी के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर हिमांशु कौन है और हरमनप्रीत ने उनको किस बात के लिए धन्यवाद किया?

क्या बोलीं हरमनप्रीत कौर?

विस्फोटक पारी खेलने के बाद इंटरव्यू देते समय हरमनप्रीत कौर ने कहा "एशियन गेम्स के बाद, मुझे नेट्स में कुछ समय मिला. मैं सच में हिमांशु भैया को धन्यवाद देना चाहती हूं, जो मुझ पर बहुत मेहनत कर रहे हैं और आज की बैटिंग पूरी तरह से उन्हीं की वजह से हुई." दरअसल लंबे समय के बाद हरमनप्रीत के बल्ले से कोई अर्धशतक देखने को मिला है, जिसको लेकर बेहद भावुक हो गई.

कौन हैं हिमांशु वेइंगकर?

हिमांशु वेइंगकर का जन्म 7 अक्टूबर 1977 को मुंबई में हुआ था. वह मुंबई के क्रिकेट जगत से जुड़े रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई. वह टाटा स्पोर्ट्स क्लब की क्रिकेट टीम के लिए भी खेल चुके हैं. क्रिकेट खेलने के अलावा हिमांशु ने प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. वह टाटा स्पोर्ट्स क्लब के क्रिकेट सचिव के रूप में काम करते हैं. यह क्लब मुंबई के प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंटों में हिस्सा लेता है, जिनमें टाइम्स शील्ड जैसे मुकाबले शामिल हैं.

भारतीय क्रिकेट टीम के साथ नेट गेंदबाज और सहयोगी स्टाफ के सदस्य के तौर पर उनका काम खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान बेहतर तैयारी करने में मदद करना है. इस भूमिका में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार गेंदबाजी करना और उनकी बल्लेबाजी पर काम करने के लिए अभ्यास सत्रों में सहयोग देना शामिल है.

कैसे सुधारी हरमनप्रीत की बल्लेबाजी?

हरमनप्रीत कौर के खराब फॉर्म से उबरने और उनकी बल्लेबाजी को बेहतर बनाने में हिमांशु वेइंगकर की अहम भूमिका बताई जाती है. जब भारतीय महिला टीम की इस अनुभवी बल्लेबाज को अपनी पुरानी लय हासिल करने की जरूरत थी, तब नेट्स में अभ्यास के दौरान उनकी तकनीक पर विशेष ध्यान दिया गया. हिमांशु ने हरमनप्रीत के साथ लंबे अभ्यास सत्रों में काम किया. इस दौरान उनकी बल्लेबाजी में मौजूद कमियों को समझने और उन्हें दूर करने की कोशिश की गई. थ्रोडाउन के जरिए लगातार अभ्यास कराकर उनकी टाइमिंग और शॉट खेलने की लय को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया.

अगला लेख