क्यों डायरेक्ट ODI WC 2027 नहीं खेल पाएगी वेस्टइंडीज, आखिर क्यों खेलना पड़ेगा क्वालीफायर, पहले कब-कब हुआ टीम के साथ ऐसा?
वेस्टइंडीज के लिए अब डायरेक्ट वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलने के दरवाजे बंद हो गए हैं. क्योंकि अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराकर अपनी जगह पक्की की है. अब वेस्टइंडीज को क्वालीफायर खेलना होगा.
west indies team
दो बार वनडे विश्व कप का खिताब जीत चुकी वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के लिए 2027 विश्व कप की राह एक बार फिर मुश्किल हो गई है. टीम सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रही है और अब उसे मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर चरण से गुजरना होगा. आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में अफगानिस्तान की जीत ने वेस्टइंडीज की सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया. ये पहली बार नहीं है जब वेस्टइंडीज को डायरेक्ट वर्ल्ड कप खेलने का मौका नहीं मिलेगा. इससे पहले भी टीम क्वालीफायर खेलकर वर्ल्ड कप के लिए जगह बनाने में कामयाब रही है.
क्यों क्वालीफायर खेलना पड़ेगा?
दरअसल आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में अफगानिस्तान की जीत ने वेस्टइंडीज की सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया. 30 सितंबर 2026 की आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर शीर्ष आठ पात्र टीमें सीधे 2027 विश्व कप में जगह बनाएंगी. अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराकर इस सूची में अपनी जगह पक्की कर ली है. ऐसे में वेस्टइंडीज अब क्वालीफायर टूर्नामेंट के जरिए विश्व कप का टिकट हासिल करने की कोशिश करेगी.
कब-कब हुआ वेस्टइंडीज के साथ ऐसा?
यह लगातार तीसरी बार है जब वेस्टइंडीज को क्वालीफाइंग टूर्नामेंट का रास्ता अपनाना पड़ रहा है. साल 2019 में टीम क्वालीफायर के जरिए विश्व कप में पहुंचने में सफल रही थी, लेकिन 2023 में वह मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी. वेस्टइंडीज फिलहाल वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है.
कौनसी टीमें सीधे 2027 विश्व कप में पहुंचीं?
2027 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाली टीमों में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और बांग्लादेश शामिल हैं. मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे भी टूर्नामेंट में शामिल होंगे. इनके साथ अफगानिस्तान ने भी सीधे मुख्य प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली है.
क्या वेस्टइंडीज के पास अभी भी है मौका?
वेस्टइंडीज के पास 30 सितंबर 2026 की कट-ऑफ तारीख से पहले दो वनडे मुकाबले बाकी हैं. टीम भारत दौरे पर जाएगी, जहां उसका सामना शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम से होगा. हालांकि, लगातार दो मैच जीतने के बावजूद वेस्टइंडीज के लिए सीधे विश्व कप में जगह बनाना तय नहीं होगा. मौजूदा स्थिति में उसे अगले साल फरवरी से शुरू होने वाले क्वालीफायर चरण में उतरना पड़ेगा.
कितनी टीमें खेलेंगी क्वालीफायर?
विश्व कप क्वालीफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें से टॉप-4 टीमें 2027 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी. क्वालीफायर टूर्नामेंट की मेजबानी अभी तय नहीं हुई है. वेस्टइंडीज और आयरलैंड सीधे इस चरण में प्रवेश करने वाली टीमों में शामिल होंगे. इन दोनों के साथ वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग प्रक्रिया की अन्य प्रतियोगिताओं से आने वाली टीमें भी मुख्य क्वालीफायर का हिस्सा बनेंगी.




