160 रन, 7 छक्के और 17 चौके... U-19 Asia Cup में Sehwag के बेटे ने खेली विस्फोटक पारी, बेबस और लाचार नजर आए UAE के बॉलर
भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ 168 गेंदों पर 160 रन की शानदार पारी खेली. आर्यवीर ने अपनी पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए. वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी भी की.
आर्यवीर सहवाग ने 10 नवंबर को एक ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत में हड़कंप मचा दिया. उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ शानदार शतक जड़ा. हालांकि, वे दोहरा शतक लगाने से चूक गए. उनकी इस पारी से भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 309 रन बनाए.
आर्यवीर सहवाग ने UAE के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में 168 गेंद में 160 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और 17 चौके लगाए. आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों में 193 रन की तूफानी पार्टनरशिप की. विनीत 67 रन बनाकर आउट हुए. 69 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने 3 छक्के और 3 चौके लगाए.
भारत को 62 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी 17 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 32 गेंदों की अपनी पारी में 2 चौके लगाए. वहीं, अर्जुन राजपूत 4 रन बनाकर आउट हुए. उनका विकेट 261 रन के स्कोर पर गिरा.
कौन हैं आर्यवीर सहवाग
आर्यवीर सहवाग भारत के पूर्व दिग्गज और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे हैं, जो अपने पिता की ही तरह एक आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज (सलामी बल्लेबाज) हैं. उनका जन्म 18 अक्टूबर 2007 को हुआ. वे दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और साथ ही दाएं हाथ से ही लेग-ब्रेक (लेग स्पिन) गेंदबाजी भी करते हैं. 2026 की वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ महज 143 गेंदों में 173 रनों (19 चौके और 8 छक्के) की ताबड़तोड़ पारी खेली थी.
इसके अलावा 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में आर्यवीर ने मेघालय के खिलाफ दिल्ली के लिए खेलते हुए 297 रनों की विशाल पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं. वह दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स और वेस्ट दिल्ली लायंस जैसी फ्रेंचाइजी टीमों के लिए भी खेल चुके हैं।
अंडर-19 एशिया कप में कैसा रहा भारत का सफर?
भारत ने अंडर-19 एशिया कप की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ की थी. इस मैच में टीम इंडिया को 10 विकेट से जीत मिली थी. नेपाल की टीम 42.3 ओवर में महज 128 रन पर सिमट गई. भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में 129 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. रायचंदानी ने 63 गेंद में 53 रन, जबकि सहवाग ने 52 गेंद में 70 रन बनाए.
हालांकि, दूसरे मैच में भारत को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के हाथों 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 पर सिमट गई. जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. भारतीय टीम अगर आज का मुकाबला जीतती है तो वह बेहतर नेटरनरेट के चलते सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.




