वैभव सूर्यवंशी नहीं, पाकिस्तानी खिलाड़ी के नाम है सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड; जानें प्लेयर कौन?
वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. लेकिन इसका वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी पाकिस्तानी खिलाड़ी के नाम है.
vaibhav Sooryavanshi
टीम इंडिया इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. पहला मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था, जबकि दूसरे मैच में मेजबान इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 4 विकेट से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. दूसरे मैच में टीम इंडिया की तरफ से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भी अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. महज 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करते ही वैभव ने भारतीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर अब वैभव टीम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. लेकिन सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड वैभव नहीं तोड़ पाए जो एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के आज भी नाम है.
T20I में बनाया नया रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ जैसे ही वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरे, उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड बना दिया. 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव अब फुल मेंबर देशों के बीच टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने आयरलैंड के ऑलराउंडर जोशुआ लिटिल को पीछे छोड़ दिया. जोशुआ लिटिल ने 5 सितंबर 2016 को हांगकांग के खिलाफ 16 साल और 309 दिन की उम्र में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था.
किसके नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड?
हालांकि वैभव सूर्यवंशी ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का विश्व रिकॉर्ड अभी भी पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हसन रजा के नाम दर्ज है. रिकॉर्ड के अनुसार, हसन रजा ने 15 अक्टूबर 1996 को जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच में 14 साल और 233 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था. हसन रजा के रिकॉर्ड को लेकर सालों से विवाद भी रहा है. उनके डेब्यू के बाद उनकी वास्तविक उम्र पर सवाल उठे थे और इस विषय पर काफी चर्चा हुई थी.
बाद में उनकी उम्र को लेकर संदेह पैदा होने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह दावा वापस ले लिया था कि हसन रजा पुरुष टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी थे. इसी वजह से उनका रिकॉर्ड आज भी बहस का विषय बना रहता है.
डेब्यू मैच में कैसा रहा था हसन रजा का प्रदर्शन?
अपने पहले टेस्ट मैच में हसन रजा ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 27 रन बनाए थे. हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया. इसके बावजूद उन्होंने घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया और करीब दो दशक लंबे करियर में 13,949 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया.




