Begin typing your search...

U19 Asia Cup 2026: क्या थी भारतीय खिलाड़ियों के सेलिब्रेशन में दिखे अग्रेशन की वजह, पहले पाकिस्तान ने क्या की थी हरकत; हो गया खुलासा

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों का अग्रेशन भरा सेलिब्रेशन मैदान पर देखने को मिला था. जिसके पीछे की कहानी का अब खुलासा हो चुका है.

U19 Final 2026 india vs pakistan
X

U19 Final 2026 india vs pakistan

( Image Source:  ChatGPT )

भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की. भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह जीत सिर्फ एशिया कप की ट्रॉफी हासिल करने तक सीमित नहीं थी, बल्कि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का जवाब देने का भी मौका थी. फाइनल में मिली इस रोमांचक जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों का सेलिब्रेशन देखने लायक था. इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों को अग्रेशन देखने को मिला. जिसपर पाकिस्तान को मिर्ची भी लगती हुई दिखाई दी.

अब भारतीय टीम के खिलाड़ी यशवीर गौड़ ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिली जीत उनके लिए इतनी खास क्यों थी. उन्होंने बताया कि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से हारने के बाद भारतीय खिलाड़ी फाइनल का इंतजार कर रहे थे. दिवाली के दिन मिली उस हार के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी भी हुई थी.

क्या पहले हुई थी कहासुनी?

अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का पहली बार आमना-सामना ग्रुप स्टेज में हुआ था. यह मुकाबला दिवाली यानी 8 नवंबर को खेला गया था. इस मैच में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को तीन विकेट से शिकस्त दी थी. भारत ने अर्जुन राजपूत के शतक की बदौलत 208 रन बनाए थे, लेकिन हमजा जरूर की शतकीय पारी के दम पर पाकिस्तान ने लक्ष्य हासिल कर लिया था. इस मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कहासुनी भी हुई थी. बात इतनी बढ़ गई थी कि खिलाड़ियों के बीच अपशब्दों का इस्तेमाल भी हुआ.

यशवीर गौड़ ने क्या किया खुलासा?

भारतीय खिलाड़ी यशवीर गौड़ ने बताया कि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के खिलाड़ी फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित थे. उन्होंने कहा "हम दिवाली पर मैच हार गए थे. हमारे बीच कुछ कहासुनी हुई थी, जिसमें गाली-गलौज भी शामिल था. वह मैच हारने बाद हम कुछ नहीं कह सके. हम फाइनल का इंतजार कर रहे थे. हम अच्छा प्रदर्शन करना चाहते थे और दिखाना चाहते थे कि भारत क्या कर सकता है. हम वही कर रहे थे, जो उन्होंने किया था. वे चुप थे और हम भी चुप थे. हमने भारतीय जर्सी पहन रखी थी. हम इस पल का इंतजार कर रहे थे. हर कोई भावुक था."

कैसा रहा था फाइनल मुकाबला?

फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 ओवर में 337 रन बनाए. इस तरह भारतीय टीम को खिताब जीतने के लिए 338 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला. पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 107 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन बनाए. भारतीय गेंदबाजों में काव्य पटेल सबसे सफल रहे, जिन्होंने चार विकेट अपने नाम किए, चिगुरुपति वेंकट ने भी तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को रोकने में अहम भूमिका निभाई.

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया और एक विकेट से रोमांचक जीत हासिल की. इस मुकाबले में कप्तान लक्ष्य राजेश ने 80 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. हालांकि, मैच का सबसे यादगार प्रदर्शन मोहिल उल्वा की ओर से देखने को मिला. उन्होंने नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए महज 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और भारतीय टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया.

अगला लेख