Begin typing your search...

क्या Suryakumar Yadav के लिए हमेशा के लिए बंद हुए टीम इंडिया के दरवाजे? अभी भी बाकी है एक उम्मीद

वर्ल्ड कप 2026 के बाद से सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया से गायब ही हो गए, कप्तानी तो छोड़ो वे टीम तक का हिस्सा नहीं हैं. अब उनको रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन के लिए मुंबई टीम में भी मौका नहीं मिला है. ऐसे में सवाल है कि क्या उनके लिए सभी दरवाजे बंद हो गए हैं? हालांकि एक उम्मीद अभी भी दिखती है.

suryakumar yadav
X

suryakumar yadav

( Image Source:  ANI )

टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव आज दूर-दूर तक भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, वर्ल्ड कप 2026 के बाद से ऐसा लग रहा है कि मानो अब सूर्यकुमार का टीम इंडिया के लिए सफर खत्म हो गया है. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि रणजी ट्रॉफी के नए सीजन के लिए भी सूर्या को मुंबई टीम में नहीं चुना गया है.

जिसके बाद अब फैंस के मन में यही सवाल सबसे ज्यादा उठ रहा है कि क्या सूर्या के लिए टीम इंडिया के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए हैं? लेकिन ऐसा कहना अभी जल्दबाजी होगी क्योंकि सूर्या ऐसे खिलाड़ी हैं जो कभी भी शानदार बल्लेबाजी से वापसी टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं और उनके पास अभी भी उम्मीद बची है.

कब खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच?

एक समय लग रहा था कि सूर्यकुमार यादव लंबे समय तक टी20 टीम इंडिया के कप्तान बने रहेंगे, लेकिन वक्त बदला और सूर्या कप्तान तो छोड़ो टीम से ही बाहर कर दिए गए, जिसकी वजह कहीं न कहीं उनकी खराब फॉर्म रही. अब उनकी जगह भारतीय टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में हैं जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच इस साल मार्च में खेला था.

कैसा रहा आखिरी 5 पारियों में प्रदर्शन?

सूर्यकुमार यादव को आखिरी बार टी20 मुंबई लीग 2026 में खेलते हुए देखा गया था, जहां उन्होंने 5 मैचों 163 रन बनाए थे. जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल रहा था. इन 5 पारियों में उनका औसत 32.6 और स्ट्राइक रेट 175.27 रहा है.

कैसे हो सकती है वापसी?

टीम इंडिया में वापसी करने का सूर्यकुमार यादव के पास आखिरी मौका या आखिरी उम्मीद बाकी है और वह है आईपीएल. सूर्यकुमार यादव आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा है और फ्रेंचाइजी ने उनपर कई सालों से काफी भरोसा भी दिखाया है, अब अगर सूर्या को टीम इंडिया में वापसी करनी है तो उनको आईपीएल 2027 में कमाल का प्रदर्शन करना होगा.

कैसा रहा IPL 2026 में प्रदर्शन?

सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में बेहद खराब रहा था. इस सीजन उन्होंने 13 मुकाबले खेले थे, इस दौरान सूर्या के बल्ले से 13 पारियों में महज 270 रन ही निकले थे और उनका स्ट्राइक रेट 147.54 का रहा था वहीं उनके बल्ले से महज 2 ही अर्धशतक निकले थे.

अगला लेख