Begin typing your search...

गौतम गंभीर को हटाओ! भारत को कोच की नहीं जरूरत, कोचिंग स्टाफ को लेकर ये क्या बोल गए श्रीसंत?

पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर बड़ा बयान दिया है. टेस्ट क्रिकेट में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीसंत ने कहा कि राष्ट्रीय टीम को कोच की नहीं बल्कि मेंटोर की जरूरत है.

S Sreesanth on Gautam Gambhir
X

S Sreesanth on Gautam Gambhir

( Image Source:  X/ @cricbuzz, @worshipVK )

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत ने मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर बड़ा बयान दिया है. पिछले कुछ समय में टेस्ट क्रिकेट में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीसंत ने कहा कि राष्ट्रीय टीम को कोच की नहीं, बल्कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे मेंटोर की जरूरत है, जो खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाए और उन्हें स्वतंत्र माहौल में प्रदर्शन करने का मौका दे.

द लल्लन टॉप को दिए गए इंटरव्यू के दौरान श्रीसंत ने भारत की हालिया टेस्ट सीरीज हारों का जिक्र करते हुए सीधे तौर पर गौतम गंभीर के कार्यकाल पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस दौर में भारत को न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों के खिलाफ निराशा हाथ लगी, उस समय टीम की कमान कोच के रूप में गंभीर के हाथों में थी.

किन-किन टेस्ट सीरीज में मिली हार?

भारत ने हाल के सालों में टेस्ट क्रिकेट में कई हार झेली है. घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 की हार, ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी गंवाना, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने में नाकाम रहना और फिर दक्षिण अफ्रीका के हाथों घरेलू सीरीज हारना भारतीय क्रिकेट के लिए चिंता का विषय बना. जिसके बाद टीम मैनेजमेंट और कोचिंग स्टाफ की भूमिका पर लगातार बहस जारी है.

क्यों गंभीर की कोचिंग से खुश नहीं श्रीसंत?

भारत के खराब प्रदर्शन के लिए गंभीर को जिम्मेदार ठहराते हुए श्रीसंत ने कहा "दोस्त, कोच बदल दो. भारत को एक मार्गदर्शक की जरूरत है, कोच की नहीं." श्रीसंत ने दावा किया कि उन्हें गौतम गंभीर की कोचिंग शैली से समस्या है. उनके अनुसार, खिलाड़ियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना और प्रदर्शन में कमी आने पर कठोर रवैया अपनाना टीम के माहौल के लिए सही नहीं है. उन्होंने कहा कि एक सफल कोच वही होता है जो खिलाड़ियों के साथ भाईचारे का रिश्ता बनाए और कठिन समय में भी उनका समर्थन करे.

क्यों किया धोनी का जिक्र?

श्रीसंत ने महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट की कई बड़ी सफलताओं के पीछे उनकी नेतृत्व क्षमता और खिलाड़ियों में आत्मविश्वास भरने की कला थी. उन्होंने ने कहा "टीम इंडिया को धोनी जैसे मार्गदर्शक की जरूरत है. सबसे पहले आपको एक भाई होना चाहिए. आप सिर्फ जीतने पर हंसकर हारने पर गुस्सा नहीं कर सकते. आपने देश के लिए अच्छा काम किया है, यह बहुत अच्छी बात है. इसका मतलब यह नहीं है कि दूसरे कोशिश नहीं कर रहे हैं. कोच की बजाय एक मार्गदर्शक को प्राथमिकता दें."

टी20 विश्व कप जीत पर क्या बोले?

श्रीसंत ने उस धारणा को भी खारिज किया कि भारत की टी20 विश्व कप सफलता का पूरा श्रेय गौतम गंभीर को जाता है. उन्होंने कहा कि टीम की जीत में खिलाड़ियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण थी. उनके अनुसार, कई मौकों पर खिलाड़ियों ने मैदान पर ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने मैच का रुख बदल दिया और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

अगला लेख