Begin typing your search...

ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी क्यों हो रही मुश्किल, कभी माने गए थे धोनी के उत्तराधिकारी; अब कौन सी आ रही चुनौती?

वेस्टइंडीज के साथ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है, लेकिन इस बार भी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम में शामिल नहीं किया गया है. अब पंत के लिए WC 2027 की राह भी मुश्किल लग रही है.

Rishabh Pant
X

Rishabh Pant 

( Image Source:  ANI )

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है. ईशान किशन की गैरमौजूदगी में पंत के पास वनडे टीम में वापसी का मौका माना जा रहा था, लेकिन चयनकर्ताओं ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरेल को चुना. पंत के बाहर होने के बाद 2027 वनडे विश्व कप के लिए उनकी दावेदारी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.

कभी महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत के तीनों फॉर्मेट के प्रमुख विकेटकीपर के रूप में देखे जाने वाले पंत की सीमित ओवरों की टीम में स्थिति पिछले कुछ समय में कमजोर हुई है. वह फिलहाल टेस्ट टीम का हिस्सा हैं, लेकिन टेस्ट में उप-कप्तानी की जिम्मेदारी भी उनके पास नहीं रही.

क्या WC 2027 से भी बाहर होंगे पंत?

ऋषभ पंत 2019 वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे. हालांकि, कार दुर्घटना में गंभीर चोटों के कारण वह 2023 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे. अब वेस्टइंडीज वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद 2027 विश्व कप में उनकी संभावित भागीदारी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अगर पंत 2027 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं बनते हैं, तो यह लगातार दूसरा वनडे विश्व कप होगा, जिसमें वह भारतीय टीम के साथ नहीं होंगे. टी20 क्रिकेट में भी उन्हें ईशान किशन और संजू सैमसन से चुनौती का सामना करना पड़ा है और वह 2026 टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे.

क्या खुद को साबित कर पाएंगे पंत?

वनडे टीम से बाहर होने के बाद ऋषभ पंत के पास ईरानी कप में अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका होगा. वह रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करेंगे. यह मुकाबला पंत के लिए बल्लेबाजी में रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का अहम अवसर हो सकता है. हालांकि, ईशान किशन की अनुपस्थिति के बावजूद वनडे टीम में जगह नहीं मिलने के बाद सीमित ओवरों में उनकी वापसी आसान नहीं दिख रही है.

कैसे रहे पिछले 2 आईपीएल सीजन?

पिछले दो आईपीएल सीजन ऋषभ पंत के लिए आंकड़ों के लिहाज से बेहद खराब रहे. 2025 सीजन में उन्होंने 14 पारियों में 269 रन बनाए. हालांकि, लीग चरण के आखिरी मुकाबले में उनकी नाबाद 118 रन की पारी शानदार रही. 2026 में पंत ने 14 मैचों में 312 रन बनाए और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 68 रन उनका हाई स्कोर रहा. यानी इन दो सीजन में उन्होंने कुल 28 मैचों में 581 रन बनाए.

अब तक कितने वनडे मैच खेले?

28 वर्षीय ऋषभ पंत ने 2018 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन करीब आठ साल बाद भी उनके नाम इस फॉर्मेट में सिर्फ 31 मुकाबले हैं. इन मैचों में उन्होंने 33.50 की औसत से 871 रन बनाए हैं. पंत ने आखिरी बार 2024 में वनडे मुकाबला खेला था. इसके बाद वह इस फॉर्मेट में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं रहे. उन्हें 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिला. अब वेस्टइंडीज सीरीज से बाहर किए जाने के बाद वनडे में पंत की वापसी का इंतजार और लंबा हो गया है.

अगला लेख