रिजवान-इमाम की बढ़ी मुश्किलें, NCCIA ने भेजा नोटिस; मोबाइल फोन से मिले डेटा की होगी जांच; PCB पहले ही कर चुका है सवाल
पाकिस्तान के क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है. रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंपे थे. अब फोन से मिले डेटा की जांच की जाएगी.
Imam-ul-Haq और Mohammad Rizwan
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के भीतर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में मिली करारी हार के बाद टीम से बाहर किए गए विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और बल्लेबाज इमाम-उल-हक को अब नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने पूछताछ के लिए तलब किया है. यह जानकारी जियो न्यूज की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, NCCIA ने रिजवान और इमाम को नोटिस जारी किया है. एजेंसी उनके मोबाइल फोन से हासिल हुई जानकारी की जांच करेगी. इस मामले में पाकिस्तान के एक और क्रिकेटर को भी नोटिस मिलने की बात कही जा रही है.
मोबाइल फोन क्यों लिए गए?
- जियो न्यूज के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने रिजवान और इमाम के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए थे. बाद में इन फोन को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया. इसके बाद NCCIA ने दोनों खिलाड़ियों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया.
- हालांकि, PCB ने आखिर दोनों खिलाड़ियों के फोन अपने कब्जे में क्यों लिए थे, इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है. बोर्ड की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट बयान भी जारी नहीं किया गया है.
- NCCIA अब इन मोबाइल फोन से हासिल किए गए डेटा की जांच करेगी. फिलहाल यह साफ नहीं है कि एजेंसी को फोन से किस तरह की जानकारी मिली है और पूछताछ का मुख्य आधार क्या है.
इंग्लैंड में हार के बाद पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव
यह घटनाक्रम पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे के दौरान टीम के खराब प्रदर्शन के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है. लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 194 रन से हराया था. इस हार के बाद PCB ने टेस्ट टीम में बड़ा बदलाव करते हुए सात खिलाड़ियों को वापस पाकिस्तान भेज दिया था. इनमें मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक के अलावा सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमेर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद शामिल थे. यानी रिजवान और इमाम को सिर्फ टीम से बाहर नहीं किया गया, बल्कि इंग्लैंड दौरे से भी वापस भेज दिया गया.
कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव
पाकिस्तान टीम में खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किया गया. PCB ने हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी टीम से अलग कर दिया. इसके बाद व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और गेंदबाजी कोच एश्ले नॉफ्के को जिम्मेदारी दी गई. ऐसे में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद PCB के फैसलों पर पहले से ही सवाल उठ रहे थे. अब रिजवान और इमाम को NCCIA की ओर से मिले नोटिस ने पूरे मामले को एक और नया आयाम दे दिया है.
रिजवान और इमाम के चयन पर भी PCB कर चुका है सवाल
- रिजवान और इमाम से जुड़ा यह मामला सिर्फ NCCIA की पूछताछ तक सीमित नहीं है. PCB इससे पहले दोनों खिलाड़ियों के टेस्ट टीम में चयन को लेकर भी अलग जांच शुरू कर चुका है.
- रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ने पाकिस्तान के वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट दौरों के लिए रिजवान और इमाम के चयन की सिफारिश को लेकर अपनी सिलेक्शन/एडवाइजरी कमेटी के एक सदस्य से लिखित जवाब मांगा था.
- 31 अगस्त को जारी नोटिस में कमेटी के सदस्य से पूछा गया था कि दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की सिफारिश करते समय चयन के लिए किन मानकों, प्रदर्शन और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा गया था.
- PCB ने इस जवाब को बेहद जरूरी बताते हुए 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा था।
अब NCCIA की पूछताछ पर नजर
एक तरफ PCB पाकिस्तान टीम में खराब प्रदर्शन और चयन को लेकर फैसले कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ रिजवान और इमाम को NCCIA का नोटिस मिलना मामले को और गंभीर बना रहा है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन से ऐसा क्या डेटा मिला है, जिसके आधार पर एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है. इसलिए जांच पूरी होने से पहले इसके पीछे की वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि NCCIA की पूछताछ में क्या सामने आता है और PCB इस पूरे मामले पर आगे क्या कदम उठाता है.




