Begin typing your search...

9 गोल्ड मेडल, 3 बड़े अवॉर्ड, मनु भाकर को भी दी कोचिंग... 49 की उम्र में बुझ गया भारतीय शूटिंग का 'चिराग' जसपाल राणा

भारतीय शूटिंग के दिग्गज और जाने-माने कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया. इस सप्ताह की शुरुआत में उन्हें एक आपातकालीन स्थिति का सामना करना पड़ा था.

Jaspal Rana
X

Jaspal Rana

भारतीय शूटिंग के दिग्गज और जाने-माने कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. इस सप्ताह की शुरुआत में उन्हें एक आपातकालीन स्थिति का सामना करना पड़ा था. राणा को म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारत लौटते समय कथित तौर पर परेशानी महसूस हुई. नई दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चला. बाद में भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने उनके निधन की पुष्टि की.

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने राणा के निधन पर X पर लिखा कि एक करीबी ने जानकारी में बताया कि म्युनिख में 2 बार दिल का दौरा पड़ने के बाद तुरंत 1 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे मैक्स हॉस्पिटल लाया गया, जहां 2 स्टेंस भी डाले गए. सब ठीक लग रहा था. रूम में शिफ्ट भी किया गया और कल छुट्टी भी होने वाली थी, लेकिन फिर अचानक एक और दिल का दौरा पड़ने से जसपाल राणा की मौत हो गई. सब सदमें में हैं. इस उम्र में एक स्वस्थ, हंसते, खेलते व्यक्ति का दिल का दौरा पड़ने से यूं अचानक से चले जाना जैसे हर रोज की बात हो चुकी है.

मनु भाकर की सफलता में कैसे निभाई बड़ी भूमिका?

राणा के कोचिंग करियर का सबसे चर्चित अध्याय भारतीय स्टार निशानेबाज मनु भाकर के साथ उनका जुड़ाव रहा. उन्होंने मनु के करियर के महत्वपूर्ण चरणों में उनका मार्गदर्शन किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी सफलता की नींव मजबूत करने में योगदान दिया. मनु भाकर ने 2024 पेरिस ओलंपिक में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था.

2025 में क्या मिली थी बड़ी जिम्मेदारी?

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने फरवरी 2025 में जसपाल राणा को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया था. इस भूमिका में भी वे लगातार भारतीय निशानेबाजों के साथ काम कर रहे थे और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुटे थे.

करियर और खास उपलब्धियां

1. जसपाल राणा 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल (Center Fire Pistol) इवेंट के शानदार निशानेबाज थे.

2. जसपाल राणा ने 1994 के हिरोशिमा एशियाई खेलों में मात्र 18 साल की उम्र में गोल्ड मेडल जीता था.

3. साल 2006 के दोहा एशियाई खेलों में राणा ने 3 गोल्ड मेडल जीते थे.

4. जसपाल राणा ने अलग-अलग संस्करणों में भारत के लिए कुल 15 पदक जीते थे, जिसमें 9 गोल्ड मेडल शामिल रहे.

कौन-कौन से मिले अवॉर्ड?

1. अर्जुन पुरस्कार (1994)

2. पद्मश्री (1997 या 2002)

3. द्रोणाचार्य पुरस्कार (2020)

अगला लेख