आखिरकार IPL 2026 में खुला CSK की जीत का खाता, DC को 23 रन से दी मात; Samson की सेंचुरी- Overton का 'चौका'
CSK ने IPL 2026 में अपनी जीत का खाता खोल लिया है. उसने चेन्नई में खेले गए मुकाबले में संजू सैमसन की सेंचुरी और जेमी ओवरटन के 4 विकेट की बदौलत आसानी से दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा दिया.
IPL 2026 CSK vs DC Highlights: चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) ने आखिरकार आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज कर ली. चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में CSK ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 23 रन से हरा दिया. टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में संजू सैमसन की सेंचुरी और आयुष म्हात्रे के अर्धशतक की बदौलत 2 विकेट पर 212 रन बनाए, जिसके जवाब में दिल्ली की पूरी टीम 189 रन पर सिमट गई.
चेन्नई की ओर से जेमी ओवरटन ने 4 विकेट चटकाए. वहीं, अंशुल कंबोज ने 3, जबकि नूर अहमद, खलील अहमद और गुजरनपनीत सिंह ने एक-एक विकेट लिए.
ट्रिस्टन स्टब्स की अर्धशतकीय पारी पर फिरा पानी
दिल्ली की ओऱ से ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. उन्होंने 38 गेंद में 3 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 60 रन बनाए, उनके अलावा, पाथुम निसांका ने 41, केएल राहुल ने 18, समीर रिजवी ने 6, कप्तान अक्षर पटेल ने 1, डेविड मिलर ने 17, आकिब नबी डार ने 4, कुलदीप यादव ने 4 और लुंगी एनगिडी ने 3 बनाए.
संजू सैमसन ने रचा इतिहास
संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार शतक लगाया. यह चेन्नई के किसी विकेटकीपर का पहला शतक है. वहीं, इस सीजन शतक जड़ने वाले वे पहले खिलाड़ी बन गए हैं. चेन्नई के लिए सैमसन का यह पहला शतक है. सैमसन ने 56 गेंद में नाबाद 115 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 205 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 छक्के और 15 चौके लगाए. उनके अलावा, आयुष म्हात्रे 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए. अपनी 36 गेंद की पारी में म्हात्रे ने 4 छक्के और 3 चौके लगाए.
शिवम दुबे 10 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी इस पारी में उन्होंने 1 छक्का और 2 चौका लगाया. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ 18 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए. इस पारी में सिर्फ एक चौका शामिल रहा. दिल्ली की ओर से एकमात्र विकेट अक्षर पटेल ने चटकाया.
CSK vs DC मैच से जुड़े बड़े रिकॉर्ड
- यह सीजन में CSK की पहली जीत है, जो 2026 में चौथे मैच में आई।
- इससे पहले 2022 में CSK को पहली जीत के लिए 5 मैचों का इंतजार करना पड़ा था।
- यह दिल्ली कैपिटल्स का IPL में 31वीं बार ऑल-आउट होना था - किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा.
- CSK ने चेपॉक में लगातार 6 मैच हारने के बाद जीत दर्ज की.
- चेपॉक में दिल्ली के खिलाफ CSK ने पिछले 9 में से 8 मैच जीते हैं,
- दिल्ली की आखिरी जीत यहां 2025 में आई थी.
IPL इतिहास में विपक्षी टीम को सबसे ज्यादा बार ऑल-आउट करने वाली टीमें:
- 40 - Mumbai Indians
- 28 - Royal Challengers Bangalore
- 26 - Chennai Super Kings
- 25 - Kolkata Knight Riders
- 22 - Sunrisers Hyderabad
'प्लेयर ऑफ द मैच' संजू सैमसन ने क्या कहा?
'प्लेयर ऑफ द मैच' Sanju Samson ने मैच के बाद कहा कि यह पारी उनके लिए बेहद खास रही. उन्होंने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के भरोसे की सराहना की और कहा कि लगातार हार के बावजूद टीम ने सिर्फ 50 सेकंड की मीटिंग की थी. सैमसन ने कहा कि उन्होंने अपने बेसिक्स पर ध्यान दिया. उन्होंने युवा खिलाड़ी आयुष की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने काफी परिपक्वता दिखाई. उन्होंने अपनी सेलिब्रेशन को Stephen Fleming को समर्पित किया और कहा कि टीम के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण था.
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने क्या कहा?
CSK कप्तान Ruturaj Gaikwad ने कहा कि आखिरकार जीत मिलना राहत भरा रहा. उन्होंने कहा,
- टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रही थी
- संजू सैमसन की पारी शानदार रही
- गेंदबाजी में टीम के पास एक्स-फैक्टर नहीं है लेकिन रणनीति सही रही
- चेन्नई के फैंस हमेशा टीम के साथ खड़े रहते हैं
जेमी ओवरटन ने क्या कहा?
Jamie Overton ने कहा कि घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करना खास रहा. उन्होंने बताया कि पिच थोड़ी धीमी थी और गेंद कभी नीचे रह रही थी तो कभी उछाल ले रही थी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य स्टंप्स पर गेंदबाजी करना था और बल्लेबाजों को आगे खेलने पर मजबूर करना था. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें हल्की ऐंठन हुई थी लेकिन अब सब ठीक है।
अक्षर पटेल ने क्या बताई हार की वजह ?
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान Axar Patel ने कहा कि टीम ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन पावरप्ले के बाद जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से मैच हाथ से निकल गया. उन्होंने कहा कि फील्डिंग मैच का टर्निंग पॉइंट रही. विकेट लगातार गिरते रहे. कैच छूटने से भी मैच का नतीजा बदला. 215 रन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता था. अक्षर पटेल ने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी पिच पर भी विपक्षी टीम को सीमित स्कोर तक रोका.




