Begin typing your search...

2024 में टला दौरा, क्या अब सितंबर में बांग्लादेश जाएगी टीम इंडिया? BCCI ने साफ कर दी तस्वीर

भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में प्रस्तावित वनडे और टी20 सीरीज पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सीरीज कराने के लिए तैयार है, लेकिन बांग्लादेश के मौजूदा हालात और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए BCCI ने अंतिम फैसला भारत सरकार पर छोड़ दिया है.

india vs bangladesh series
X

बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी करते अक्षर पटेल (फाइल फोटो)

( Image Source:  ANI )

Bangladesh Vs India Series 2026: भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर 2026 में प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज होनी है, लेकिन फिलहाल इसके आयोजन पर पूरी तरह से स्थिति साफ नहीं है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड चाहता है कि भारतीय टीम उसके देश का दौरा करे, लेकिन BCCI मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बिना सरकारी मंजूरी के कोई फैसला लेने के मूड में नहीं है.

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम इंडिया सितंबर में बांग्लादेश जाएगी? फिलहाल इसका सीधा जवाब BCCI के पास भी नहीं है. बोर्ड अब इस मामले में भारत सरकार के रुख का इंतजार कर रहा है.

BCCI खुद नहीं लेगा अंतिम फैसला

BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'आज तक' से बातचीत में बताया कि बांग्लादेश दौरे को लेकर बोर्ड अकेले फैसला नहीं कर सकता. मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए जल्द ही भारत सरकार से संपर्क किया जाएगा और जरूरी मंजूरी मांगी जाएगी. सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद ही BCCI यह तय कर पाएगा कि भारतीय टीम बांग्लादेश जाएगी या दौरे को आगे के लिए टालना पड़ेगा. यानी इस समय सीरीज का भविष्य सिर्फ क्रिकेट बोर्डों की तैयारी पर निर्भर नहीं है. भारत सरकार की सुरक्षा संबंधी मंजूरी इस दौरे के लिए सबसे अहम कड़ी बन गई है.

BCB चाहता है कि किसी भी कीमत पर सीरीज हो

दूसरी तरफ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) इस सीरीज को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है. BCB की ओर से BCCI को पत्र भी भेजा गया है और दोनों क्रिकेट बोर्ड लगातार संपर्क में हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, BCB ने 29 अगस्त से 15 सितंबर के बीच भारत-बांग्लादेश व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए एक विंडो भी तैयार रखी है. इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने प्रस्तावित हैं... लेकिन बांग्लादेश की तरफ से तैयारियां होने के बावजूद भारतीय टीम के दौरे पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है.

खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता

BCCI के लिए सबसे अहम मुद्दा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा है. यही वजह है कि बोर्ड बिना सरकार की मंजूरी के दौरे को लेकर आगे नहीं बढ़ना चाहता. बांग्लादेश में मौजूदा हालात और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को देखते हुए भारत सरकार की संबंधित एजेंसियां स्थिति का आकलन करेंगी. इसके बाद ही यह तय होगा कि भारतीय टीम का दौरा सुरक्षित है या नहीं.

अगर सरकार से मंजूरी मिल जाती है तो भारतीय टीम अगस्त के अंत या सितंबर की तय विंडो में बांग्लादेश रवाना हो सकती है. वहीं, अगर सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं मिलती है तो सीरीज को टालना पड़ सकता है.

2024 में भी टल चुका है दौरा

भारत और बांग्लादेश के बीच यह दौरा पहले 2024 में प्रस्तावित था, लेकिन उस समय बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और उसके बाद हुए सत्ता परिवर्तन के कारण हालात काफी बदल गए थे. इस राजनीतिक अस्थिरता का असर दोनों देशों के रिश्तों पर भी पड़ा और क्रिकेट सीरीज को स्थगित करना पड़ा था. अब इसे सितंबर 2026 में आयोजित करने का प्रस्ताव है. हालांकि, अभी तक BCCI या भारत सरकार की तरफ से भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है.

बांग्लादेश ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से किया था इनकार

जनवरी 2026 में बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों और भारत के साथ बढ़े तनाव का हवाला देते हुए भारत में 2026 टी20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार कर दिया था. आईसीसी द्वारा मैच दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग ठुकराने के बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया.

अब गेंद भारत सरकार के पाले में

फिलहाल BCB सीरीज के आयोजन को लेकर इच्छुक है और अपनी तरफ से शेड्यूलिंग की तैयारी कर चुका है. BCCI भी बांग्लादेश बोर्ड के संपर्क में है, लेकिन सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम लेने के लिए तैयार नहीं है. इसलिए अब पूरा मामला भारत सरकार के रुख पर निर्भर करता है. सरकार से हरी झंडी मिलती है तो भारत-बांग्लादेश के बीच छह मैचों की सीरीज का रास्ता साफ हो सकता है, लेकिन अगर सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अनुमति नहीं मिलती है, तो दौरा एक बार फिर टल सकता है. आने वाले दिनों में BCCI और सरकार के बीच होने वाली बातचीत से इस सीरीज की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख