Begin typing your search...

कैसे और कौन बन सकता है ICC चेयरमैन, क्या है चुनाव की प्रक्रिया, जय शाह को मिला दूसरा कार्यकाल, निर्विरोध चुने गए

जय शाह दोबारा से आईसीसी के चेयरमैन बन गए हैं. आईसीसी ने इसकी घोषणा की है. जय शाह को निर्विरोध आईसीसी का चेयरमैन चुना गया है. ऐसे में सवाल उठता है कि कौन व्यक्ति आईसीसी का चेयरमैन बन सकता है?

jay shah icc chairman
X

jay shah icc chairman

( Image Source:  X/@ImTanujSingh )
विशाल पुंडीर
Edited By:विशाल पुंडीर6 Mins Read

Updated on: 16 Nov 2026 12:39 PM IST

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने जय शाह को एक बार फिर अपना चेयरमैन चुन लिया है. सोमवार 16 नवंबर 2026 को ICC ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि जय शाह लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुने गए हैं. बाली में हुई ICC बोर्ड और कमेटी की हालिया बैठक के दौरान निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनकी दोबारा नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व सचिव जय शाह का दूसरा कार्यकाल ऐसे समय में शुरू होगा, जब क्रिकेट का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार हो रहा है.

जय शाह ने दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि संगठन के बोर्ड की ओर से उन पर दोबारा भरोसा जताया जाना उनके लिए सम्मान की बात है. साथ ही उन्होंने सभी निदेशकों का लगातार समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया. जय शाह ने कहा "ICC के चेयरमैन के तौर पर काम करना एक खुशी और ज़िम्मेदारी दोनों है, और मैं दुनिया भर में क्रिकेट के फ़ायदे को आगे बढ़ाने के लिए हमारे मेंबर्स के साथ काम करने के लिए कमिटेड हूं."

कौन बन सकता है ICC का चेयरमैन?

ICC के संविधान में चेयरमैन पद के लिए कुछ नियम व शर्तें तय की गई हैं. इसके मुताबिक, कोई भी ऐसा व्यक्ति इस पद के लिए दावेदारी कर सकता है, जो वर्तमान में ICC बोर्ड का निदेशक हो या पहले इस पद पर रह चुका हो. हालांकि, पूर्व निदेशक के लिए कम से कम एक बोर्ड बैठक में शामिल होना जरूरी है. आमतौर पर राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्डों से जुड़े अनुभवी ऐडमिनिस्ट्रेटर इस पद के लिए योग्य माने जाते हैं. इनमें BCCI और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) जैसे सदस्य देशों के क्रिकेट ऐडमिनिस्ट्रेटर शामिल हो सकते हैं.

ICC चेयरमैन चुने जाने के बाद संबंधित व्यक्ति को हितों के टकराव से बचने के लिए अपने घरेलू क्रिकेट बोर्ड से जुड़े सभी आधिकारिक, कार्यकारी और मानद पदों से इस्तीफा देना होता है. इसका उद्देश्य ICC में काम करते समय किसी एक देश या क्रिकेट बोर्ड के प्रति पक्षपात के शक को खत्म करना है.

ICC चेयरमैन का चुनाव कैसे होता है?

ICC चेयरमैन का चुनाव एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाता है. इसमें केवल 16 सदस्यीय ICC बोर्ड को मतदान करने का अधिकार होता है. किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 9 वोट हासिल करने होते हैं. यानी चुनाव में साधारण बहुमत जरूरी है. इस पूरी चुनावी प्रक्रिया पर ICC की स्वतंत्र ऑडिट कमेटी के चेयरमैन की निगरानी रहती है, ताकि मतदान की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे.

क्या कोई उम्मीदवार खुद कर सकता है नामांकन दाखिल?

ICC चेयरमैन के चुनाव के लिए कोई भी उम्मीदवार खुद अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकता. चुनाव की घोषणा होने के बाद ICC बोर्ड एक समय सीमा तय करता है. इसी अवधि में बोर्ड के मौजूदा निदेशकों को किसी योग्य व्यक्ति का नाम प्रस्तावित करना होता है. उम्मीदवार के नाम को ICC बोर्ड के कम से कम एक मौजूदा डायरेक्टर द्वारा प्रस्तावित किया जाना जरूरी है. इसके अलावा किसी अन्य पूर्ण सदस्य देश के बोर्ड डायरेक्टर को उस नामांकन का समर्थन करना होता है.

किस परिस्थिति में होता है चुनाव?

अगर ICC चेयरमैन के पद के लिए केवल एक उम्मीदवार मैदान में है और उसकी नियुक्ति पर सहमति बन जाती है, तो उसे निर्विरोध चुना जा सकता है लेकिन अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार दावेदारी पेश करते हैं, तो मतदान कराया जाता है. ऐसी स्थिति में ICC बोर्ड के 16 निदेशक वोट डालते हैं. जिस उम्मीदवार को कम से कम 9 वोट मिलते हैं, उसे चेयरमैन चुन लिया जाता है।

अगला लेख