Begin typing your search...

2 WC-1 CT-2 एशिया कप, 5 साल बाद टीम इंडिया से अलग हुए फील्डिंग कोच T. Dilip, शेयर किया रिपोर्ट कार्ड, किस-किसका लिया नाम?

भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप का पांच साल का कार्यकाल अब खत्म हो गया है. इस मौकेे पर उन्होंने दिल छू लेने वाला पोस्ट किया है. दिलीप ने टीम इंडिया के साथ जीती बड़ी ट्रॉफियों, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ बिताए पलों को अपनी जिंदगी की खास यादें बताया.

T Dilip Emotional Instagram Post
X

 T Dilip 

T Dilip : क्रिकेट में कुछ योगदान ऐसे होते हैं जो स्कोरकार्ड पर नजर नहीं आते, लेकिन टीम की कामयाबी में उनकी भूमिका बेहद अहम होती है. भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप का पांच साल का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा. अब जब यह अध्याय खत्म होने की ओर है, तो दिलीप ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने इस सफर को याद किया है. उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत 'Five years' से की और बताया कि इतने महत्वपूर्ण सफर को शब्दों में समेटना आसान नहीं है.

दिलीप ने कहा कि जब वह पहली बार टीम के इस सेटअप का हिस्सा बने थे, तब उनका इरादा बेहद साफ था- हर दिन अपना पूरा योगदान देना और भारतीय क्रिकेट के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना.

फील्डिंग बनी योगदान देने का उनका तरीका

टी दिलीप के लिए फील्डिंग सिर्फ टीम की एक जरूरत नहीं थी. यह उस खेल में योगदान देने का उनका अपना तरीका था, जिसे वह दिल से प्यार करते हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की यात्रा का हिस्सा बनने और उसमें अपनी भूमिका निभाने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास रहा.

इस पूरे सफर में 'फील्डिंग मेडल' भी दिलीप के दिल के बेहद करीब रहा. ड्रेसिंग रूम में इस मेडल को लेकर खिलाड़ियों का उत्साह, उनके चेहरे की मुस्कान और इस सम्मान को लेकर टीम के सदस्यों की गंभीरता- ये ऐसी यादें हैं जिन्हें वह जिंदगीभर अपने साथ लेकर चलेंगे.

ट्रॉफियों से सजा रहा पांच साल का सफर

टी दिलीप ने अपने कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों को भी याद किया. उनके मुताबिक, भारतीय टीम के साथ बिताए इन पांच वर्षों में उन्हें दुनिया के बड़े मंचों पर कई ऐतिहासिक और यादगार सफर का हिस्सा बनने का मौका मिला. इस दौरान टीम इंडिया ने दो बार T20 World Cup (2024 और 2026), दो बार एशिया कप ( 2023 और 2025), और एक बार Champions Trophy (2025) जीती.

इसके अलावा, भारतीय टीम 2023 ICC World Test Championship और ICC Men's Cricket ODI World Cup 2023 में रनर-अप भी रही. यानी दिलीप का पांच साल का कार्यकाल सिर्फ एक कोचिंग असाइनमेंट नहीं रहा, बल्कि भारतीय क्रिकेट के एक बेहद महत्वपूर्ण दौर का हिस्सा बन गया.

BCCI से लेकर कोचिंग स्टाफ तक, सभी को कहा शुक्रिया

अपनी पोस्ट में टी दिलीप ने BCCI और भारतीय क्रिकेट टीम का विशेष तौर पर धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उन पर भरोसा जताने और भारतीय क्रिकेट की सेवा करने का मौका देने के लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे. उन्होंने पूर्व और मौजूदा कोचिंग नेतृत्व का भी जिक्र किया. राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर के भरोसे और उनके साथ काम करने के अनुभव को उन्होंने खास बताया. दिलीप ने कहा कि इन दोनों के साथ काम करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा और उनके भरोसे को वह हमेशा याद रखेंगे.

इन कप्तानों के साथ काम करना रहा खास

टी दिलीप ने भारतीय टीम के कई कप्तानों के साथ काम करने के अनुभव को भी याद किया. उन्होंने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर का नाम लेते हुए कहा कि इन सभी के साथ काम करना और उनके कप्तानी कार्यकाल के दौरान योगदान देना उनके लिए सम्मान की बात थी.. दिलीप का यह कहना इसलिए भी खास है क्योंकि इन पांच वर्षों में भारतीय क्रिकेट ने नेतृत्व के कई बदलाव देखे और टीम ने अलग-अलग फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तानों के नेतृत्व में बड़े मुकाबले खेले.

'इंडिया बैज पहनना मेरे लिए सम्मान की बात'

टी दिलीप के संदेश की सबसे भावुक बात उनके पांच साल के सफर को लेकर थी. उन्होंने कहा कि इस अध्याय के खत्म होने के बावजूद वह हमेशा इस बात के लिए आभारी रहेंगे कि उन्हें पांच अविस्मरणीय वर्षों तक 'India badge' पहनकर भारतीय क्रिकेट की सेवा करने का सम्मान मिला. दिलीप के लिए यह सिर्फ नौकरी या जिम्मेदारी नहीं थी, बल्कि भारतीय क्रिकेट से जुड़ने और देश की टीम के साथ दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर सफर करने का अनुभव था... और शायद इसी वजह से उनकी विदाई में भी शिकायत या अफसोस से ज्यादा कृतज्ञता नजर आई. उन्होंने अपने संदेश का अंत बेहद भावुक अंदाज में किया, 'Forever grateful. The journey continues.'

यानी एक अध्याय जरूर खत्म हो रहा है, लेकिन क्रिकेट के साथ टी दिलीप का सफर अभी जारी है. पांच साल की इन यादों में टीम इंडिया की बड़ी जीतें, ड्रेसिंग रूम की मुस्कान, फील्डिंग मेडल का उत्साह और खिलाड़ियों के साथ बिताए अनगिनत पल हमेशा दर्ज रहेंगे.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख