Begin typing your search...

Duleep Trophy 2026: मैच के बीच अचानक कैसे कप्तान बन गए वैभव सूर्यवंशी, 19वें ओवर में शुरू हुआ सिलसिला... क्या रही वजह?

दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अचानक ईस्ट जोन की कप्तानी करते हुए देखा गया. ये पहली बार है जब वैभव को कप्तानी करते हुए देखा गया.

vaibhav sooryavanshi captain East Zone
X

vaibhav sooryavanshi captain East Zone

( Image Source:  X/ @CricCrazyJohns )

इन दिनों भारत में दलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट खेला जा रहा है. जिसमें टीम इंडिया के कई खिलाड़ी धमाल मचा रहे हैं. वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भी दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेल रहे हैं. हालांकि बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा लेकिन वैभव ने अपनी गेंदबाजी से हर किसी को हैरान किया है. वैभव ने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ 3 ओवर में 2 विकेट हासिल किए थे.

वहीं अब फैंस ने वैभव को दलीप ट्रॉफी में कप्तानी भी करते हुए देख लिया. दरअसल सेमीफाइनल मुकाबला ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला जा रहा है. जहां ईस्ट जोन की कप्तानी ईशान किशन कर रहे थे, तो वहीं सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार हैं, लेकिन ईस्ट जोन को अचानक मैच के बीच अपना कप्तान बदलना पड़ा. चलिए इसके पीछे की कहानी हम आपको बताते हैं.

क्यों कप्तान बनाए गए वैभव?

दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में उस समय फैंस को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब कप्तान ईशान किशन के चोटिल होकर मैदान से बाहर जाने के बाद महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की कप्तानी संभाल ली. सेंट्रल जोन के खिलाफ मुकाबले में जिम्मेदारी मिलने के बाद युवा सूर्यवंशी के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आई. मैच के दौरान विकेटकीपिंग कर रहे ईशान किशन की दाहिनी कलाई पर गेंद लगी.

फिजियो से प्राथमिक उपचार लेने के बाद ईशान आगे की जांच के लिए मैदान से बाहर चले गए. इसके बाद ईस्ट जोन की कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यवंशी को सौंपी गई, जबकि झारखंड के कुमार कुशाग्र ने विकेटकीपिंग संभाली. यह सूर्यवंशी के लिए सीनियर पुरुष टीम की कप्तानी का पहला अनुभव रहा. सेंट्रल जोन की पारी के 19वें ओवर के दौरान ईशान किशन को चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा.

मुकाबले में किसने जीता टॉस?

मुकाबले में टॉस ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. त्रिपुरा के तेज गेंदबाज अभिजीत सरकार ने ईस्ट जोन के फैसले को सही साबित करते हुए सेंट्रल जोन के शुरुआती दो विकेट जल्दी हासिल किए. उन्होंने अमन मोखाडे को 8 रन और कुणाल चंदेला को 6 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया. शुरुआती झटकों के बाद रजत पाटीदार की अगुवाई वाली सेंट्रल जोन की टीम 36 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी.

कौनसा मुकाबला खेल रहे वैभव?

वैभव सूर्यवंशी अभी महज 15 साल के हैं, लेकिन इतनी कम उम्र में उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली है. सेंट्रल जोन के खिलाफ यह मुकाबला उनका दूसरा दलीप ट्रॉफी मैच और कुल 10वां फर्स्ट क्लास मुकाबला है. उन्होंने 2024 की शुरुआत में रणजी ट्रॉफी के दौरान फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. कम उम्र में ही सीनियर क्रिकेट में खेलने के कारण उनका डेब्यू उस समय खास चर्चा में रहा था.

अगला लेख