Begin typing your search...

तिलक का शतक, प्रिंस के 5 विकेट, महज 26 रनों पर ऑलआउट हुई नेपाल, India A ने रचा इतिहास... जानें कैसा रहा मैच का पूरा हाल

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया A ने नेपाल को 306 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शानदार शतक लगाए, जबकि प्रिंस यादव ने 5 और हर्षित राणा ने 4 विकेट लेकर नेपाल की बल्लेबाजी तहस-नहस कर दी.

India A vs Nepal
X

India A vs Nepal

( Image Source:  X/ @cricbuzz )

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया A ने नेपाल के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. दोहा में खेले गए मुकाबले में भारतीय गेंदबाज प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने अपनी तेज गेंदबाजी से नेपाल के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी. प्रिंस ने पांच विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. भारतीय गेंदबाजों के सामने नेपाल की पूरी टीम सिर्फ 26 रन पर सिमट गई. इंडिया A ने यह मुकाबला 306 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया.

इससे पहले कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल समय में पारी संभालते हुए 206 रन की साझेदारी की. वहीं, सूर्यांश शेडगे ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर भारत के स्कोर को और मजबूत किया. यह जीत रनों के लिहाज से लिस्ट-A क्रिकेट इतिहास की आठवीं सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है.

कैसी खतरनाक रही भारत की गेंदबाजी?

333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई. प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने शुरुआती ओवरों से ही विकेट लेने शुरू कर दिए. दोनों की तेज गेंदबाजी के सामने नेपाल के बल्लेबाज टिक नहीं पाए. प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए, जबकि हर्षित राणा ने चार विकेट झटके. शाहबाज अहमद को भी एक सफलता मिली. भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन के चलते नेपाल की पूरी टीम महज 11.3 ओवर में 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. महज 1 रन के अंदर ही नेपाल ने अपने 4 विकेट गंवा दिए थे.

कैसी रही टीम इंडिया की बल्लेबाजी?

इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया A की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और एक समय उसका स्कोर 42 रन पर तीन विकेट था. स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और आयुष बडोनी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने जिम्मेदारी संभाली. दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के गेंदबाजों पर दबाव बनाया. तिलक ने 107 रन की पारी खेली, जबकि कुशाग्र ने 117 रन बनाए. दोनों के बीच 206 रन की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने भारत को शुरुआती झटकों से उबार दिया.

आखिरी ओवर में सूर्यांश ने कितने ठोके रन?

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की शतकीय पारियों के बाद सूर्यांश शेडगे ने भी अपना दम दिखाया. उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 36 रन ठोक दिए. उनकी तेज बल्लेबाजी की मदद से भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए. नेपाल को जीत के लिए 333 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसे मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया.

अगला लेख