बारिश के चलते IND vs PAK फाइनल हुआ रद्द, तो कैसे पाकिस्तान को चुना गया चैंपियन, Blind Asia Cup 2026 में क्या टीम इंडिया के साथ हुआ धोखा?
मेन्स ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला था, लेकिन बारिश के चलते मैच को रद्द कर दिया गया और पाकिस्तान को चैंपियन घोषित किया गया, जिसको लेकर टीम इंडिया ने सवाल खड़े किए है.
Blind Asia Cup 2026 Controversy
ढाका में आयोजित मेन्स ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद खड़ा हो गया है. फाइनल मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होने के बाद पाकिस्तान को टूर्नामेंट का विजेता घोषित कर दिया गया. इस फैसले से नाराज भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार कर दिया. भारतीय टीम का कहना है कि जब फाइनल मुकाबला खेला ही नहीं गया तो भारत और पाकिस्तान दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था.
हालांकि, भारतीय क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (CABI) ने इस फैसले को मानने से इनकार कर दिया है. संगठन ने आरोप लगाया कि पहले दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन बाद में फैसला बदलकर पाकिस्तान को अकेले चैंपियन बना दिया गया.
कैसे पाकिस्तान को चुना गया चैंपियन?
भारत और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को एशिया कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना था लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो सका. ऐसे में दोनों टीमों को मैदान पर अपनी ताकत दिखाने और मुकाबले के जरिए चैंपियन बनने का मौका नहीं मिला. टूर्नामेंट के नियमों और लीग स्टेज के प्रदर्शन को आधार बनाकर पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया. पाकिस्तान ने लीग मुकाबलों में छह अंक हासिल किए थे, जबकि भारत के खाते में चार अंक थे. इसी आधार पर पाकिस्तान को खिताब सौंप दिया गया. हालांकि, भारतीय टीम ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई और दोनों देशों को संयुक्त विजेता घोषित करने की मांग की.
CABI ने फैसले को क्यों बताया गलत?
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने पाकिस्तान को अकेले विजेता घोषित किए जाने की कड़ी निंदा की है. संगठन ने अपनी आधिकारिक रिलीज में कहा "CABI ने मेन्स ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 का अकेला विनर पाकिस्तान को घोषित करने के फैसले की कड़ी निंदा की है, क्योंकि इंडिया और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था."
संगठन ने आगे कहा "CABI इस फैसले को पूरी तरह से खारिज करता है और कहता है कि भारत और पाकिस्तान को जॉइंट विनर माना जाना चाहिए. CABI के मुताबिक, टूर्नामेंट के टेक्निकल रेगुलेशन का सेक्शन 27 खास तौर पर टाई हुए फाइनल से जुड़ा है और दोनों वाक्य उसी स्थिति के बारे में हैं." CABI का दावा है कि टूर्नामेंट के तकनीकी नियमों के सेक्शन 27 के मुताबिक, ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था.
क्या बोले भारतीय कप्तान?
CABI की ओर से जारी एक वीडियो में भारतीय टीम के कप्तान टी दुर्गा राव ने भी इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की. कप्तान टी दुर्गा राव ने कहा "फाइनल में, रेफरी ने हमें बुलाया और बताया कि रन-रेट के आधार पर, वे पाकिस्तान को विजेता और हमें उपविजेता घोषित कर रहे हैं. हमने इसका विरोध किया क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. जब भी ऐसी स्थितियां आई हैं, टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया है. यह पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है. हम इसी का विरोध कर रहे हैं."
क्या पाकिस्तान ने बनाया दबाव?
CABI ने अपने बयान में वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) की टेक्निकल कमेटी के फैसले को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. संगठन के मुताबिक, उसने इस मामले को टेक्निकल कमेटी के सामने उठाया था. शुरुआत में कमेटी दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमत हो गई थी. हालांकि, CABI का आरोप है कि बाद में टेक्निकल कमेटी के डायरेक्टर और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (PBCC) के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने मैच रेफरी और अंपायरों को पाकिस्तान के पक्ष में फैसला लेने के लिए प्रभावित किया. इसके बाद कमेटी की शुरुआती सहमति बदल गई और पाकिस्तान को अकेले विजेता घोषित कर दिया गया.




