Begin typing your search...

IND A vs PAK मैच में टॉस के दौरान क्यों हुआ ड्रामा, अब्दुल समद ने सिक्के को लेकर क्या उठाया सवाल; वीडियो हो रहा वायरल

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत A और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले टॉस के दौरान जमकर ड्रामा देखने को मिला. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

India A vs Pakistan Toss Drama
X

India A vs Pakistan Toss Drama

( Image Source:  X/ @SonySportsNetwk )

एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में आज यानी 22 नवंबर को इंडिया ए का सामना पाकिस्तान से हो रहा है. ये मुकाबला दोहा में खेला जा रहा है. इससे पहले टीम इंडिया ने नेपाल को हराया था. वहीं भारत-पाकिस्तान मैच से पहले टॉस के दौरान थोड़ा ड्रामा भी देखने को मिला. दरअसल पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया,

लेकिन इससे पहले सिक्के के नतीजे को लेकर मैदान पर कुछ देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं मैच में बल्लेबाजी के दौरान पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत देखने को मिली.

टॉस के दौरान क्यों हुआ विवाद?

इंडिया ए और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले टॉस के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस के लिए 'हेड्स' चुना था. सिक्का उछालने के बाद जब वह जमीन पर गिरा तो प्रेजेंटर ने 'टेल्स' आने की घोषणा कर दी. हालांकि, इस नतीजे से अब्दुल समद संतुष्ट नजर नहीं आए. दोनों टीमों के कप्तानों ने सिक्के को ध्यान से देखा.

इसके बाद समद ने सिक्के की ओर इशारा करते हुए प्रेजेंटर से कहा "यह हेड्स है, यह हेड्स है." समद की बात सुनने के बाद टॉस के नतीजे पर फैसला हुआ और पाकिस्तान को टॉस का विजेता घोषित किया गया. इसके बाद पाकिस्तानी कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया.

क्या दोनों कप्तानों ने मिलाया हाथ?

मैदान पर टॉस के दौरान हुए ड्रामे के अलावा एक और बात ने लोगों का ध्यान खींचा. भारत और पाकिस्तान के दोनों कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया. इस तरह दोनों टीमों ने एशिया कप से चली आ रही बिना हैंडशेक की परंपरा को इस मुकाबले में भी जारी रखा. हैंडशेक नहीं करने का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कैसी है इंडिया ए की प्लेइंग इलेवन?

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बडोनी, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव.

अगला लेख