Begin typing your search...

हाथ काटने वाले बयान को लेकर मुसादिक मसूद मलिक से पूछा गया सवाल, तो कैसे दिल्ली में मिमियाने लगा पाकिस्तानी मंत्री?

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत दौरे के दौरान सिंधु जल संधि पर अपने पुराने 'हाथ काट लेने' वाले बयान को लेकर सवालों से बचते नजर आए. जब उनसे भारत के खिलाफ दी गई धमकी पर जवाब मांगा गया तो उन्होंने कहा कि भारत ने उन्हें इस मुद्दे पर बातचीत के लिए नहीं बुलाया है.

Pakistan Minister Musadik Masood Malik
X

Pakistan Minister Musadik Masood Malik

( Image Source:  ChatGPT )

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर चर्चा में हैं. भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी मंत्री से जब सिंधु जल संधि को लेकर उनकी पुरानी 'हाथ काट लेने' वाली धमकी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि जब भारत उन्हें इस मुद्दे पर बातचीत के लिए बुलाएगा, तब वह इस पर जरूर बात करेंगे. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है.

मुसादिक मसूद मलिक रविवार को नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर भी पाकिस्तान का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि इस विषय पर बातचीत होनी चाहिए, लेकिन चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत करने और अपने सबूत पेश करने के लिए तैयार है.

सवाल सुनते ही क्या बोले पाकिस्तानी मंत्री?

जब मुसादिक मसूद मलिक से सिंधु जल संधि को लेकर उनके पुराने बयान और भारत को दी गई धमकी के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब देने के बजाय बातचीत के लिए न्योता नहीं मिलने की बात कही. उन्होंने कहा "जब आप मुझे इंडस वॉटर ट्रीटी पर बात करने के लिए बुलाएंगे, तो हम ज़रूर इस पर बात करेंगे. आपने मुझे अभी इंडस वॉटर ट्रीटी पर बात करने के लिए नहीं बुलाया है."

दरअसल, मलिक पहले सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ सख्त बयान दे चुके हैं. उनके 'हाथ काट लेने' वाले बयान की काफी चर्चा हुई थी. हालांकि, भारत में उनसे इसी मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने अपनी पुरानी धमकी पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया.

आतंकवाद के मुद्दे पर क्या कहा?

भारत दौरे के दौरान पाकिस्तानी मंत्री से आतंकवाद को लेकर भी सवाल पूछे गए. इस पर मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि पाकिस्तान इस मुद्दे पर बातचीत करने और सबूत पेश करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में इस समस्या का समाधान निकालना है तो बातचीत भड़काऊ बयानों के बजाय ठोस सबूतों के आधार पर होनी चाहिए.

मलिक ने कहा "अगर आप इस मुद्दे का पक्का हल ढूंढ रहे हैं सिर्फ़ भड़काने के बजाय तो हमें इसी तरह आगे बढ़ना चाहिए. मैं आपको एक पक्का, एक जैसा जवाब दे रहा हूं. जब भी बातचीत होगी, वह सबूतों पर आधारित होगी. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, ऐसी बातचीत जरूर होगी."

भारत और पाकिस्तान को लेकर क्या बोले?

पाकिस्तानी मंत्री ने आगे कहा कि उनका देश कई बार अलग-अलग मंचों पर इस तरह की बातचीत का प्रस्ताव रख चुका है. उनके मुताबिक, आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों देशों को अपने-अपने सबूत सामने रखने चाहिए. उन्होंने कहा, "हमने कई मौकों पर अलग-अलग फ़ोरम में कहा है कि सबूत दोनों तरफ से पेश किए जा सकते हैं. हमने यह भी सुझाव दिया है कि इसे कई तरफ से संभाला जा सकता है. आप अपने सबूत लाएं, और हम अपने सबूत लाएंगे."

अगला लेख