Begin typing your search...

IPL 2027: 'हैरानी की बात है कि ट्रेड...'. अर्शदीप-हार्दिक की ट्रेड डील पर पिता ने खोला राज; वायरल हो रहा वीडियो

आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स के अर्शदीप सिंह और मुंबई इंडियंस के हार्दिक पांड्या की ट्रेड डील को लेकर काफी चर्चाएं हो रही है. इस बीच अब अर्शदीप के पिता के बयान के बाद काफी हद तक अटकलों पर विराम लग चुका है.

Arshdeep Singh and Hardik Pandya
X

Arshdeep Singh and Hardik Pandya

( Image Source:  ChatGPT )

आईपीएल 2027 से पहले पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक बड़ी ट्रेड डील होने की खबर सामने आई है. कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में शामिल हो सकते हैं, जबकि हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स से जुड़ने की चर्चा है. हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी ने अभी तक इस ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है. इस बीच अर्शदीप सिंह के पिता दर्शन सिंह के एक बयान ने इस खबर को और चर्चा में ला दिया है.

उन्होंने कहा कि परिवार को ट्रेड की जानकारी मिल चुकी है और वे इस बात से खुश हैं कि अर्शदीप अब रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल सकते हैं. हालांकि, ट्रेड से जुड़ी रकम और दूसरी शर्तों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

ट्रेड को लेकर क्या बोले अर्शदीप के पिता?

न्यूजीलैंड में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विमल कुमार से बातचीत के दौरान दर्शन सिंह ने बताया कि अर्शदीप को मुंबई इंडियंस में भेजे जाने को लेकर पहले परिवार से कोई बातचीत नहीं हुई थी. उन्होंने कहा कि उन्हें भी इस ट्रेड के बारे में जानकर हैरानी हुई. जब उनसे पूछा गया कि क्या इस फैसले से पहले कोई चर्चा हुई थी, तो उन्होंने साफ कहा "नहीं, ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी."

इसके बाद उन्होंने कहा, "हमें यह भी हैरानी की बात है कि ट्रेड हो गया है. मुझे लगता है कि ऑफिशियल जानकारी शायद अब आ गई है कि उन्हें ट्रेड कर दिया गया है, हां लेकिन आप जानते हैं कि यह कैसा होता है. कोई भी इंसान कहीं भी पैदा हो, उसे हमेशा अपनी जन्मभूमि से एक खास प्यार होता है और वह इसे पूरी ज़िंदगी कभी नहीं भूलता. इसलिए पंजाब किंग्स उसके लिए एक जन्मभूमि जैसा था उनके साथ एक बहुत मजबूत कनेक्शन था. इसलिए, आप इसके बारे में थोड़ा इमोशनल महसूस करते हैं."

मुंबई इंडियंस में खेलने पर क्या बोले?

दर्शन सिंह ने आगे कहा कि हर फ्रेंचाइजी अपनी टीम को मजबूत और संतुलित बनाने के लिए फैसले लेती है. उन्होंने मुंबई इंडियंस में अर्शदीप के जाने पर खुशी जताई और कहा कि वहां उनके पुराने कप्तान और साथी खिलाड़ी मौजूद हैं. उन्होंने कहा "लेकिन क्योंकि हर फ्रेंचाइजी अपनी टीम का बैलेंस बनाना चाहती है, इसलिए उन्होंने उसे उसी हिसाब से ट्रेड किया. हम मुंबई इंडियंस से भी बहुत खुश हैं. वहां उसके पुराने कप्तान और पुराने टीममेट्स जैसे बुमराह, सूर्यकुमार यादव और दूसरे लोग हैं, इसलिए हम बहुत खुश हैं."

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी पर क्या बोले?

आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस की जर्सी में अर्शदीप सिंह को देखने को लेकर दर्शन सिंह काफी उत्साहित हैं. उन्होंने टीम के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की भी तारीफ की. उनके मुताबिक, फैंस भी इस संभावित बदलाव से काफी खुश नजर आ रहे हैं. दर्शन सिंह ने कहा "मैं क्या कह सकता हूं? बस फैंस के रिएक्शन और कमेंट्स देखिए. वे बहुत खुश हैं कि यह एक शानदार बॉलिंग अटैक होगा और वे कोई भी स्कोर संभाल लेंगे. वे टीमों को 200 रन भी पार नहीं करने देंगे लेकिन फिर यह IPL है जिसमें फ्लैट पिचें होती हैं, इसलिए वहां कुछ भी हो सकता है यह एक अलग बात है लेकिन सच में यह एक शानदार पार्टनरशिप है."

आईपीएल
अगला लेख