Begin typing your search...

अजीत अगरकर के बाद कौन होगा टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर, रेस में सबसे आगे 2 नाम; BCCI जल्द लगा सकती है मुहर

टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की जल्द ही छुट्टी होने वाली है. उनका कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2026 में खत्म हो रहा है. वहीं अब नए चीफ सेलेक्टर की रेस में 2 नाम सबसे आगे चल रहे हैं.

ajit agarkar
X

ajit agarkar

( Image Source:  ANI )

भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल इस महीने यानी सितंबर में खत्म हो रहा है और अभी तक ऐसी कोई जानकारी भी सामने नहीं आ रही है कि बीसीसीआई उनका कार्यकाल बढ़ा सकती है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक अब अजीत अगरकर की चीफ सेलेक्टर के पद से छुट्टी हो सकती है. जिसके बाद बड़ा सवाल ये है कि अगरकर के बाद टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर कौन होगा?

हालांकि इसको लेकर 2 नामों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. अगरकर के कार्यकाल और संभावित एक्सटेंशन को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलें चल रही हैं. हालांकि, इससे पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया अगरकर के कार्यकाल को लेकर चल रही अटकलों पर कह चुके हैं कि इस संबंध में कोई चर्चा नहीं हुई थी.

अगरकर के कार्यकाल पर क्यों बढ़ा सस्पेंस?

अजीत अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति के अध्यक्ष बने थे. उनके कार्यकाल को लेकर अब संभावित बदलाव की खबरें सामने आ रही हैं. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अगरकर का वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए हुई चयन बैठक में शामिल होना उनके मौजूदा कार्यकाल की आखिरी बड़ी जिम्मेदारी हो सकती है. हालांकि, अगरकर के कॉन्ट्रैक्ट को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप तक बढ़ाए जाने की चर्चाएं भी थीं. अब सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि बीसीसीआई के एक समूह में उनके कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाने को लेकर राय बनी हुई है.

नए चीफ सेलेक्टर की रेस में कौन आगे?

अब टीम इंडिया के नए चीफ सेलेक्टर पद के लिए 2 पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स के नाम सामने आ रहे हैं, जिसमें पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल और पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा शामिल हैं. दोनों भारतीय क्रिकेट से जुड़े अनुभवी चेहरे हैं और आईपीएल में भी खेल चुके हैं. प्रज्ञान ओझा मौजूदा पुरुष चयन समिति का हिस्सा भी हैं. बीसीसीआई की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ओझा को पुरुष चयन समिति में शामिल किया गया था, जिसकी अध्यक्षता अजीत अगरकर कर रहे थे.

रोहित शर्मा के चयन ने कैसे बढ़ाया था सस्पेंस?

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बुधवार को भारतीय टीम का ऐलान किया गया. चयन समिति ने अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को भी टीम में जगह दी. रोहित की वापसी इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि इससे पहले उनके वनडे भविष्य को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं. इंग्लैंड के खिलाफ पिछले वनडे दौरे में लगातार कम स्कोर के बाद रोहित पर दबाव बढ़ने की बात कही गई थी. हालांकि, आखिरी वनडे में उन्होंने शानदार 138 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का जवाब दिया था.

रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने उनके भारतीय टीम में बने रहने को लेकर स्थिति स्पष्ट की थी. उन्होंने कहा था कि रोहित तब तक देश के लिए खेलते रहेंगे, जब तक वह चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं.

कब होगी BCCI की बैठक?

बीसीसीआई की 95वीं वार्षिक आम बैठक 18 सितंबर 2026 को मुंबई स्थित बोर्ड मुख्यालय में होनी है. ऐसे में अगरकर के कार्यकाल और चयन समिति के भविष्य को लेकर होने वाले किसी फैसले पर क्रिकेट जगत की नजर रहेगी.

अगला लेख