Begin typing your search...

BCCI अंडर-19 टीम में चयन के बाद 17 साल की क्रिकेटर ने किया SUCIDE, दो युवकों पर प्रताड़ना का आरोप; सड़क पर उतरा परिवार

तेलंगाना में 17 वर्षीय BCCI अंडर-19 क्रिकेटर नंदिनी की मौत से हड़कंप. परिवार ने दो युवकों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया, पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है.

BCCI अंडर-19 टीम में चयन के बाद 17 साल की क्रिकेटर ने किया SUCIDE, दो युवकों पर प्रताड़ना का आरोप; सड़क पर उतरा परिवार
X

क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रही 17 साल की नंदिनी की अचानक मौत से तेलंगाना के विकाराबाद में शोक और आक्रोश है. नंदिनी का चयन हाल ही में BCCI की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ था. परिवार के मुताबिक, वह क्रिकेट में अपना करियर बनाना चाहती थी और इसके लिए लगातार मेहनत कर रही थी. लेकिन उसकी मौत के बाद परिजनों ने दो युवकों पर उसे परेशान करने और पीछा करने का आरोप लगाया है.

परिवार का दावा है कि लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर नंदिनी ने आत्महत्या की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है और उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. फिलहाल प्रताड़ना के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

कौन थी 17 साल की नंदिनी, BCCI अंडर-19 टीम में हुआ था चयन?

नंदिनी तेलंगाना के विकाराबाद जिले के यालाल मंडल के संगयापल्ली गांव की रहने वाली थी. महज 17 साल की उम्र में उसने क्रिकेट के मैदान पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई थी. हाल ही में उसका चयन BCCI की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ था. इस उपलब्धि से उसके परिवार और गांव के लोग काफी खुश थे.

नंदिनी अपनी पढ़ाई के साथ क्रिकेट की कोचिंग भी कर रही थी. वह विकाराबाद कस्बे की मधु कॉलोनी में अपनी नानी के घर रह रही थी. यहीं रहकर वह पढ़ाई और क्रिकेट की तैयारी कर रही थी. BCCI की अंडर-19 टीम में चयन उसके लिए बड़ी थी. परिवार और स्थानीय क्रिकेट समुदाय को उससे काफी उम्मीदें थीं. इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिलने के बाद उसकी अचानक मौत ने सभी को हैरान कर दिया.

नंदिनी की मौत के पीछे क्या वजह बताई जा रही है?

नंदिनी की मौत के बाद उसके परिवार ने दो युवकों अनिल और कृष्णा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का दावा है कि अनिल पिछले कुछ दिनों से प्यार के नाम पर नंदिनी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था. परिवार ने कृष्णा पर भी अनिल की मदद करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि कथित तौर पर लगातार हो रही इस परेशानी से नंदिनी मानसिक रूप से परेशान थी.

परिवार इसी प्रताड़ना को उसकी मौत की वजह मान रहा है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों युवकों की ओर से किस तरह की घटनाएं हुई थीं और उनका नंदिनी के साथ सोशल मीडिया पर किस तरह का संपर्क था. पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इसलिए फिलहाल दोनों युवकों पर लगे आरोपों को जांच के दायरे में ही देखा जाना चाहिए.

पुलिस ने क्या बताया? मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच होगी

विकाराबाद के सर्किल इंस्पेक्टर रघु के मुताबिक, पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे नंदिनी की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ. पुलिस ने परिवार की ओर से अनिल और कृष्णा पर लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया है. जांच के तहत नंदिनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है. पुलिस उसके इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सऐप अकाउंट की भी जांच कराएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से परेशान तो नहीं किया जा रहा था.

सर्किल इंस्पेक्टर रघु ने बताया कि मोबाइल की फॉरेंसिक जांच से यह पता लगाने की कोशिश होगी कि नंदिनी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और क्या उसे किसी तरह के संदेश भेजकर परेशान किया जा रहा था. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नंदिनी की मौत के बाद परिवार ने किया प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

नंदिनी की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और रिश्तेदारों में आक्रोश फैल गया. परिजनों ने दोनों युवकों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. इसी मांग को लेकर परिवार और रिश्तेदारों ने विकाराबाद में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ. परिजनों का कहना था कि नंदिनी का भविष्य उज्ज्वल था और वह क्रिकेट में आगे बढ़ना चाहती थी. परिवार ने उसकी मौत के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नंदिनी का शव परिवार को सौंप दिया गया.

पुलिस ने अभिभावकों से की खास अपील

इस घटना के बाद सर्किल इंस्पेक्टर रघु ने माता-पिता से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर उनकी बातचीत के बारे में जानकारी रखनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि बच्चे किसी परेशानी, तनाव या मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं तो उन्हें डांटने या अकेला छोड़ने के बजाय भावनात्मक सहारा देना चाहिए.

बच्चों से बातचीत बनाए रखना और उनकी समस्याओं को समझना बेहद जरूरी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. नंदिनी के मोबाइल की फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार की ओर से लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों में कितनी सच्चाई है.

डिस्क्लेमर: अगर आपको या आपके किसी जानने वाले को आत्महत्या के विचार आ रहे हैं या कोई संकट है, तो कृपया तुरंत मदद लें. यहां आत्महत्या-रोकथाम करने वाले कुछ संगठनों के हेल्पलाइन नंबर दिए गए हैं, जो लोगों और परिवारों को भावनात्मक सहारा दे सकते हैं. ये सेवाएं मुफ़्त और गोपनीय हैं. मित्रम फ़ाउंडेशन (बेंगलुरु) 080-25722573 COOJ मेंटल हेल्थ फ़ाउंडेशन (गोवा): 0832-2252525 संजीवनी (दिल्ली) सेंटर 1 (जंगपुरा): 011-24311918, 011-24318883, 011-43001456, सेंटर 2 (कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया): 011-40769002, 011-41092787 वंद्रावेला फ़ाउंडेशन (गुजरात) 18602662345 लाइफ़ सुसाइड प्रिवेंशन (आंध्र प्रदेश): 78930 78930

अगला लेख