Begin typing your search...

ग्रेटर नोएडा में 25 टन मांस से भरे कंटेनर पर बवाल, कहां से आया था और किस पशु का है मांस?

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-12 में 25 टन मांस से भरा कंटेनर रोका गया. प्रतिबंधित मांस की आशंका पर हंगामा हुआ. पुलिस ने सैंपल जांच के लिए भेजा.

ग्रेटर नोएडा में 25 टन मांस से भरे कंटेनर पर बवाल, कहां से आया था और किस पशु का है मांस?
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा2 Mins Read

Updated on: 13 Nov 2026 10:59 PM IST

ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार सुबह मांस से लदे एक कंटेनर को लेकर हंगामा खड़ा हो गया. इकोटेक-12 इलाके में हिंदू गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने कंटेनर को रोककर उसमें प्रतिबंधित मांस होने की आशंका जताई.

कंटेनर में करीब 25 टन मांस लदा होने की बात सामने आई है. सूचना मिलने पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने मांस का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कंटेनर में किस पशु का मांस है.

हैदराबाद से दादरी जा रहा था मांस से भरा कंटेनर

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे तेलंगाना के हैदराबाद से एक कंटेनर मांस लेकर दादरी की तरफ जा रहा था. रास्ते में इकोटेक-12 क्षेत्र में हिंदू गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं को कंटेनर में मांस होने की जानकारी मिली.

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वाहन को रुकवा लिया और मांस के प्रतिबंधित होने की आशंका जताते हुए विरोध शुरू कर दिया. मामले की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर बिसरख कोतवाली पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया.

पशु चिकित्सा विभाग ने लिया मांस का सैंपल

विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने कंटेनर में रखे मांस का नमूना एकत्र किया और उसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया. कंटेनर में लगभग 25 टन मांस होने की बात कही जा रही है. अभी तक मांस की पहचान नहीं हो सकी है. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि यह किस पशु का मांस है और क्या यह प्रतिबंधित श्रेणी में आता है.

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

बिसरख पुलिस के मुताबिक, कंटेनर में प्रतिबंधित मांस होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम भेजी गई थी. वहां कुछ लोगों ने वाहन को रोक रखा था. पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की मदद से मांस का सैंपल जांच के लिए भिजवाया है. फिलहाल कंटेनर पुलिस के कब्जे में है. अधिकारी मांस की प्रकृति के साथ उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहे हैं. रिपोर्ट आने और तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अगला लेख