कब है अहोई अष्टमी और कौन हैं अहोई माता? जानें पूजा का महत्व और धार्मिक मान्यता
करवा चौथ त्योहार के बाद अहोई अष्टमी का व्रत आता है. इस साल 1 नवंबर को यह व्रत रखा जाएगा. यह उपवास संतान की कामना और लंबी उम्र के लिए रखा जाता है.
करवा चौथ के बाद अहोई अष्टमी का व्रत रखा जाता है. हिंदू पंचांग के अनुसार, यह पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है. इस वर्ष अहोई अष्टमी 1 नवंबर को मनाई जाएगी. इस दिन माताएं अपनी संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना से व्रत रखती हैं.
शाम को अहोई माता की पूजा और व्रत कथा का श्रवण किया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि विधि-विधान से अहोई माता की आराधना करने से संतान के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है.
कौन हैं अहोई माता?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अहोई माता को मां पार्वती का स्वरूप माना जाता है. उन्हें संतान की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है. माताएं अपने बच्चों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना से इनका व्रत करती हैं. अहोई माता की पूजा से जुड़ी एक पौराणिक कथा भी प्रचलित है. कथा के अनुसार, प्राचीन समय में एक महिला जंगल में मिट्टी खोद रही थी. इसी दौरान अनजाने में उससे एक साही के बच्चों को चोट लग गई और उनकी मृत्यु हो गई. इस घटना से दुखी होकर महिला ने देवी से क्षमा मांगी और संतान की रक्षा के लिए प्रार्थना की. उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर देवी ने उसे आशीर्वाद दिया. मान्यता है कि तभी से माताएं अहोई माता का व्रत रखकर अपनी संतान के कल्याण की कामना करती हैं.
अहोई अष्टमी व्रत और पूजा विधि
- शाम के समय पूजा स्थल पर अहोई माता का चित्र स्थापित करें.
- पूजा के लिए जल से भरा कलश रखें.
- अहोई माता को रोली, अक्षत, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करें.
- अहोई माता की विधि-विधान से पूजा करें और व्रत कथा सुनें.
- पूजा के दौरान संतान की लंबी आयु और सुखी जीवन की कामना करें.
- चांदी की अहोई या स्याऊ का पूजन करने की भी परंपरा है.
- तारों के दर्शन करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है.
अहोई अष्टमी व्रत का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में अहोई अष्टमी का व्रत संतान के कल्याण के लिए विशेष फलदायी माना गया है. इस दिन माताएं पूरे श्रद्धाभाव से अहोई माता की पूजा करती हैं और अपने बच्चों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करती हैं. धार्मिक मान्यता है कि अहोई माता की कृपा से संतान के जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.




